चलती ट्रेन से पुल के नीचे गिरी महिला, बाल-बाल बची जान

विशाखा तिवारी 
कोलकाता : एक कहावत काफी मशहूर है कि जान बची लाखों पाये। कोलकाता के दमदम स्टेशन परिसर में हुआ एक हादसा इस कहावत पर बिलकुल सही बैठता है। गुरुवार की सुबह दमदम स्टेशन के ब्रिज के उपर से जा रही यात्रियों से भरी लोकल ट्रेन के डिब्बे से एक महिला गिर गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वहीं ट्रेन गिरने के बाद स्वाभाविक रूप से महिला को कमर और पैर में गंभीर चोट आई है।

घायल महिला का नाम मीठू भट्टाचार्य है। अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला कि उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच है। जानकारी के अनुसार महिला ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी थी। इस दौरान भीड़-भाड़ के कारण महिला का हाथ दरवाजे के हैंडल से छूट गया और वह सीधे रेलवे ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे के कारण महिला बेहोश हो गई और उसे कई चोटें आईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे उठाया और आरपीएफ और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। तब तक आस-पास के लोगों ने उसे होश में लाया।

वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची आरपीएफ और पुलिस ने महिला को स्थानीय अस्पताल ले गई जहां वह फिलहाल इलाजरत है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इसी बीच स्थानीय लोगों का कहना है कि खुली ब्रिज होने के कारण ऐसी घटनाएं कभी भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि रेलवे को इस विषय पर गौर करने की आवश्यक्ता है। गनिमत रही की जब महिला गिरी तब आसपास कोई अन्य गाड़ी नहीं थी वरना महिला की जान भी जा सकती थी।

Indian railwaysIRCTCterrible accidenttrain accident