अंचलाधिकारी अनिल कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

247

रांची : आय से अधिक संपत्ति मामले में हेहल के अंचलाधिकारी (सीओ) रहे अनिल कुमार सिंह के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसे लेकर एसीबी में कांड संख्या 15/ 2022 दर्ज किया गया है। अनिल कुमार के खिलाफ एसीबी ने 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2017 तक की अवधि को चेक पीरियड मानते हुए आय से अधिक संपत्ति की गणना की है। एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक राज नारायण सिंह की शिकायत पर जांच के बाद अनिल कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया। अनिल कुमार सिंह के द्वारा उक्त चेक पीरियड में कुल 30 लाख 54 हजार 967 रुपए की संपत्ति अर्जित किया गया। चेक पीरियड में अर्जित ऐसेट एवं व्यय के रूप में इनके द्वारा कुल 86 लाख 65 हजार 513 खर्च किया गया था। जबकि निर्धारित चेक पीरियड में इनकी आय 67 लाख 35 हजार 501 रुपए की गणना की गई। इस आधार पर गणना करने पर पाया गया कि निर्धारित चेक पीरियड 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2017 में इनके द्वारा आय की तुलना में 19 लाख 30 हजार 12 रुपए अधिक व्यय किया गया। इसके आधार पर इनके विरुद्ध 28.65 प्रतिशत आय से अधिक संपत्ति की गणना की गई है।