संदेशखाली मामले पर भाजपा का सदन से वॉकआउट

हंगामे के बीच विधानसभा स्पीकर ने शुभेंदु और रामेंदु सिंह रॉय को दी कड़ी चेतावनी

47

कोलकाता, सूत्रकार : राज्य के अंतरिम बजट और संदेशखाली की स्थिति को लेकर राज्य विधानसभा में शनिवार को फिर तनाव देखा गया। बीजेपी विधायकों ने एक बार फिर वॉकआउट किया। उन्होंने विधानसभा से लेकर राजभवन तक एक जुलूस निकाला। वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने गुरुवार को विधानसभा में राज्य का अंतरिम बजट पेश किया था।

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बजट की आलोचना की। शनिवार को विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान तारकेश्वर के तृणमूल विधायक रामेंदु सिंह रॉय ने शुभेंदु पर ‘चोर’ कहकर हमला किया। शुभेंदु ने भी अपने तरीके से पलटवार किया। इससे उन पर अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। शुभेंदु की बात सुनकर रामेंदु उनकी ओर दौड़ पड़े।

राज्य के मंत्री अरूप विश्वास और भाजपा महासचिव मनोज तिग्गा ने स्थिति को शांत किया और उन्हें अपने स्थान पर लौटने के लिए कहा। इसको लेकर भाजपा विधायकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रर्दशन किया। बाद में विधानसभा के स्पीकर विमान बनर्जी ने दोनों विधायकों को चेतावनी दी। उन्होंने सभा की गरिमा बनाये रखने का अनुरोध किया।

शुभेंदु पर हुए हमले की शिकायत करने विधायक रामेंदु स्पीकर के पास गए। बाद में उन्होंने कहा कि हर कोई बजट के बारे में अपनी राय दे रहा है। मैंने केंद्र को चोर कहा। उन्होंने अपने जवाब में मुझ पर हमला बोला। उन्होंने अपशब्दों का प्रयोग किया। मैंने कोई शालीनता का उल्लंघन नहीं किया है। वह बंगाल को प्रदूषित कर रहे हैं। इस पर स्पीकर ने कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो किसी की बात नहीं सुनी जाएगी।

शुभेंदु ने विधानसभा में राज्य के बजट की कई खामियों को उजागर किया। इसके साथ ही पार्टी की ओर से वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य को मांगों से अवगत कराया। उन्होंने दावा किया कि राज्य के सरकारी कर्मचारियों को केंद्रीय दर पर डीए का भुगतान किया जाना चाहिए।

तृणमूल विधायक पार्थ भौमिक ने इन प्रस्तावों को प्रधानमंत्री कार्यालय को सौंपने का सुझाव दिया। इसके बाद मंत्री अरूप विश्वास ने भी अपनी बातें रखीं। इसके बाद भाजपा विधायकों ने विधानसभा से वॉकआउट किया और सदन के बाहर प्रदर्शन किया। शुभेंदु ने संदेशखाली की स्थिति के बारे में कई शिकायतें कीं। उनका दावा है कि वहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है।