शुभेंदु बोले, शिक्षा व्यवस्था का हाल देख बंगाल छोड़ जाते विवेकानंद

-पूरा शिक्षा विभाग ही जेल के अंदर

81

कोलकाताः स्वामी विवेकानंद की 161वीं जयंती पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधा है। वहीं, टीएमसी ने शुभेंदु पर पलटवार किया।

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी सरकार के कार्यकाल में बंगाल की शिक्षा व्यवस्था का जो हाल बना हुआ है, उसे देख स्वामीजी प्रदेश छोड़कर चले जाते।
इसे भी पढ़ेंः कोलकाता में 18 जनवरी को अभ्यर्थियों के 10 संगठनों की रैली 

गुरुवार को सिमला स्ट्रीट में स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने शुभेंदु के साथ बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजुमदार भी पहुंचे थे।

यहां स्वामीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नंदीग्राम से बीजेपी विधायक ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को देखकर स्वामीजी बंगाल छोड़कर चले जाते। वे दूसरे प्रदेश या देश में जाकर शरण ले लेते। प्रदेश में शिक्षा का हाल बदहाल बना हुआ है। पूरा शिक्षा विभाग ही जेल के अंदर है।

शुभेंदु ने सिमला स्ट्रीट स्थित स्वामी विवेकानंद के आवास की सुरक्षा पर भी सवाल उठाया।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल 2022 के जून से बंगाल में शिक्षक नियुक्ति में हुए भ्रष्टाचार का एक के बाद एक मामला सामने आने लगा है। ये मामले अभी कलकत्ता उच्च न्यायालय में भी लंबित हैं। अदालत ने शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामलों की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी है। इसी के तहत छानबीन भी चल रही है।

बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को ईडी ने पिछले साल जुलाई के अंत में गिरफ्तार किया था। उसके बाद रातभर चली पूछताछ के बाद पार्थ की ‘करीबी’ अर्पिता मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।

उसके बाद सुबीरेश भट्टाचार्य, एसपी सिन्हा, कल्याणमय गंगोपाध्याय और शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार में शामिल अन्य प्रमुख अभियुक्तों को केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया।

इसे लेकर राज्य की राजनीति में हो-हल्ला मची हुई है। इसी क्रम में बीजेपी नेता शुभेंदु ने गुरुवार को स्वामजी की जयंती पर टीएमसी सरकार पर हमला बोला है।

इधर, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को भी टीएमसी ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। राज्य की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री शशि पांजा ने उन्हें स्वामीजी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कोई अधिकार नहीं है।

बीजेपी नेता की दीनता दूर हों। उन्हें चैतन्य हों। सिमला स्ट्रीट में मंत्री शशि पांजा ने भी स्वामीजी को श्रद्धाजंलि अर्पित की।

वहीं, स्वामी विवेकानंद की 161वीं जयंती पर रामकृष्ण मिशन की ओर से रंगारंग शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा मानिकतल्ला, खन्ना, हातीबागान होते हुए विवेकानंद के घर तक पहुंची। शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। मंत्री शशि पांजा भी मौजूद थीं।