कैदी वार्ड की खिड़की तोड़कर 2 कैदी फरार, मचा हड़कंप

50

साहिबगंज : हैरान कर देने वाली खबर झारखंड के साहिबगंज से आई है, जहां सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड से मंडल कारा के दो बंदी शुक्रवार की रात करीब 12 बजे खिड़की तोड़कर फरार हो गये। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात हवलदार सुधीर सिंह को जैसे ही जानकारी मिली, उन्होंने जिरवाबाड़ी थानेदार अनिश पांडे को सूचना दी। थानेदार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। जानकारी के अनुसार, 24 मई 2024 को मंडल कारा से समीर अंसारी पिता स्वर्गीय अमानत अंसारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। रिपोर्ट में जिक्र है कि उन्हें खून की उल्टियां हो रही थीं, जिसका इलाज चल रहा था।

ये भी पढ़ें : झारखंड से चलने वाली 36 ट्रेनों का बदल गया टाइम टेबल

6 जून 2024 को मंडल कारा से दूसरे बंदी आमिर अंसारी को भर्ती कराया गया था। आमिर गिर गया था। उसके शरीर के कुछ हिस्सों में चोट लगी थी। उसका भी इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम रोज की तरह सभी बंदी अपने-अपने बेड पर सोने चले गये थे। रात के करीब 12:00 बजे सुरक्षा में तैनात हवलदार ने देखा कि समीर और अमीर अपने बेड पर नहीं हैं। उसने देखा कि पास की खिड़की टूटी हुई है। आमिर हत्या के आरोप में वर्ष 2023 में जेल गया था। समीर पर दुष्कर्म का आरोप था। उसे तीन माह पूर्व जेल भेजा गया था। शुक्रवार को बंदी के कुछ घर वाले उनसे मिलने के लिए साहिबगंज के सदर अस्पताल आये थे। सूत्र बताते हैं कि काफी देर तक उन लोगों से बातचीत भी हुई। दोनों बंदी के एक साथ फरार होने पर कई सवाल उठ रहे हैं।