महिला के पेट से निकला 6 किलो का ट्यूमर

डेढ़ साल से दर्द में थी, SSKM अस्पताल में हुआ ऑपरेशन

104

कोलकाता : एक महिला पिछले डेढ़ सालों से दर्द से कराह रही थी। उसके पेट का आकार देखकर लोगों को लगता था कि वो गर्भवती है, लेकिन उस महिला को ही पता था कि वो कौन सा दर्द झेल रही है। आखिरकार, उसे इस असहनीय दर्द से एसएसकेएम के डॉक्टरों ने निजात दिलायी। महिला का ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने 6 किलो वजन का ट्यूमर निकाला है।

ये है मामला
जानकारी के मुताबिक दमदम की रहने वाली 45 वर्षीया रमा हालदार पिछले डेढ़ साल से पेट दर्द से परेशान थी। बताया जा रहा है कि एसएसकेएम अस्पताल के स्त्री रोग विभाग के आउटडोर में रमा का इलाज चल रहा था। रमा को बेड नहीं मिल पा रहा था जिसके कारण उसका इलाज भी ठीक से नहीं हो पा रहा था।

दूसरी तरफ उसके पेट का दर्द लगातार बढ़ता ही जा रहा था। बढ़ते दर्द के कारण गत मंगलवार को रमा ने उसी अस्पताल के सर्जरी आउटडोर में डॉक्टर को दिखाया। आउटडोर के डॉक्टर सिराज अहमद ने जब रमा को देखा तो उन्हें समझ में आया कि रमा के इलाज में पहले ही काफी देरी हो गयी है। अगर और देरी की जायेगी तो इससे रमा की जान भी जा सकती है। इस कारण उसी दिन रमा को भर्ती कर लिया गया।

इसे भी पढ़ें :कड़ी सुरक्षा के बीच 5 सालों बाद आज संपन्न हुआ टेट परीक्षा

4 सदस्यीय टीम ने किया ऑपरेशन
जल्द से जल्द रमा के ऑपरेशन की डॉक्टरों ने तैयारी की और 4 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। ऑपरेशन से पहले रमा का सभी तरह का टेस्ट किया गया। टेस्ट से पता चला कि शरीर के अंदर रक्त स्राव ज्यादा होने से हिमोग्लोबिन 5 से नीचे गिर गया है। इसके बाद रमा को रक्त चढ़ाया गया। इसके बाद डॉ. सिराज अहमद के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने रमा का ऑपरेशन किया।

पेट के 70 फीसदी जगह में फैला था ट्यूमर – डॉक्टर
ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर सिराज अहमद ने कहा, पेट के 70 फीसदी जगह में ट्यूमर फैल गया था। दरअसल, ट्यूमर खाद्यनली से गर्भाशय तक फैल गया था। उन्होंने अन्य डॉक्टर आर.एन राय और नवारुण मान्ना के साथ
मिलकर ऑपरेशन किया। ऑपरेशन कर ट्यूमर निकाला गया जिसका वजन 6 किलो था। डॉक्टरों का मानना है कि इतने बड़े ट्यूमर का कारण कुपोषण हो सकता है।