28 को नहाए- खाए के साथ शुरू होगा चार दिनों का छठ महापर्व

खरना 29 को, पहला अर्घ्य 30 अक्टूबर को

रांचीः सूर्य भगवान की पूजा के लिए बाजार में फल, सूप, दउरी की दुकान सज गया है। इस साल कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी शुक्रवार को नहाए खाए के साथ सूर्य उपासना के 4 दिनी छठ महापर्व की शुरुआत होगी। व्रती शुद्ध और सात्विक मन से स्नान- ध्यान कर व्रत का संकल्प लेंगे। कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात पकाकर छठी माई को भोग लगाएंगे। बाद में प्रसाद के रूप में परिवार और इष्ट मित्रों के साथ स्वयं ग्रहण करेंगी। इसी के साथ व्रत अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। लोक आस्था के सबसे बड़े महापर्व छठ की इस बार 28 अक्टूबर शुक्रवार से शुरुआत हो रही है। 4 दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व पर व्रती 36 घंटे का व्रत रखते हैं। हिंदू धर्म में छठ महापर्व का विशेष महत्व है। छठ महापर्व कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से शुरू होकर सप्तमी तक चलता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी 29 को खरना होगा।व्रती सुबह स्नान- ध्यान कर भुवन भास्कर और छठी मईया की आराधना करेंगे। दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम के समय ईट या मिट्टी के बने चूल्हे पर गन्ने का रस या गुड़ चावल का खीर पकायेंगे। कई लोग पूड़ी भी बनाएंगे और सूर्य देव और छठी मइया को भोग लगाकर स्वयं ग्रहण करेंगे। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू जायेगा।

#28 को नहाए- खाए के साथ शुरू होगा चार दिनों का छठ महापर्व