शक के चलते महिला ने सगी बहन पर तेजाब उड़ेला

गंभीर हालत में घाटाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है

कोलकाता: पश्चिम मेदिनीपुर जिले में शनिवार की देर रात बीरसिंह ग्राम पंचायत के मोमराजपुर इलाके में एक महिला ने शक की वजह से अपनी सगी बहन पर तेजाब उड़ेल दिया। उसे गंभीर हालत में घाटाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घाटाल के मोमराजपुर के निवासी दो भाई असादुल अली और तस्लीम अली की शादी दासपुर इलाके की निवासी दो सगी बहनों रहीमा और अक्लिमा बीबी के साथ हुई थी।

इसे भी पढ़ेंः अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

आरोप है कि पिछले कई दिनों से दोनों बहनों के बीच विवाद चल रहा था। अभियुक्त अक्लिमा बीबी को शक था कि उसकी शारीरिक बीमारी के चलते ससुराल वाले उसके पति तस्लीम अली की शादी कहीं और तय कर रहे हैं और इसमें उसकी बहन रहीमा की अहम भूमिका है।

इसे लेकर शनिवार की सुबह से ही दोनों बहनों के बीच कहासुनी हो रही थी। दोनों का झगड़ा देर रात तक चलता रहा। इस बीच अक्लिमा अचानक घर से तेजाब ले आई और रहीमा बीबी के चेहरे पर उड़ेल दिया। रहीमा के चेहरे पर तेजाब गिरने से वह दर्द से चीख उठी।

उसकी चीख सुनकर घर के अन्य सदस्य दौड़े। उसे गंभीर हालत में घाटाल अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने के बाद घाटाल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अक्लिमा के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

Acid poured on real sisterBirsingh Gram PanchayatPaschim Medinipur Districtphysical illnessपश्चिम मेदिनीपुर जिलेबीरसिंह ग्राम पंचायतशारीरिक बीमारीसगी बहन पर तेजाब उड़ेल