गोड्डा के पूर्व विधायक रजनीश आनंद का निधन

क्षेत्र में शोक की लहर

रांची: गोड्डा के पूर्व विधायक रजनीश आनंद का निधन हो गया है। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है वहीं कई अन्य लोगों ने भी निधन पर शोक जताया है।

गोड्डा के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, गोड्डा विधायक अमित मंडल, महगामा की विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव दीपिका पांडेय सिंह समेत अन्य ने भी पूर्व विधायक के निधन पर शोक जताया है और इसे झारखंड के लिए विशेषकर संथाल परगना के लिए बड़ी क्षति बताया है।

सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया के जरिये अपनी संवेदना साझा करते बताया है कि गोड्डा के पूर्व विधायक रजनीश आनंद के निधन की खबर सुनकर वह बेहद दुखी हैं।

रजनीश आनंद काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। बाबा से उनके आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूँ।

वहीं कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने 1995 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने रजनीश आनंद के निधन पर कहा कि गोड्डा के पूर्व विधायक रजनीश आनंद भैया जी का निधन दुःखद है, ये मेरे लिये ये निजी क्षति है। उनके जाने से सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

ईश्वर से प्रार्थना है वे इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

विधायक अमित मंडल के मुताबिक पूर्व विधायक गोड्डा रजनीश आनंद के आकस्मिक निधन की सूचना प्राप्त हुई है। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से ऊपर उठकर पारिवारिक रिश्ता निभाने के लिए उनको सदैव याद किया जाएगा।

 

#गोड्डा के पूर्व विधायक रजनीश आनंद का निधन