राहुल गांधी को झारखंड में भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण

अंग्रेजों की नीति का अनुसरण कर रही भाजपाः मिथिलेश ठाकुर

रांची : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सांसद और कांग्रेसी नेता राहुल गांधी को झारखंड में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को आमंत्रित किया।

आज मध्यप्रदेश के इन्दौर के सांबेर से राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम के दरम्यान राजेश ठाकुर ने इसके लिए उन्हें आमंत्रण दिया।

इस यात्रा में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मंत्री बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख, भारत जोड़ो यात्रा के राज्य संयोजक सुबोधकांत सहाय सहित कई विधायक भी इसमें शामिल हुए थे।

यात्रा के दौरान मध्याह्न भोजन के समय राहुल गांधी ने झारखंड से आये नेताओं के संग राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात और राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे विकास के कार्यक्रमों पर चर्चा की।

कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दे में जो कार्य कर रही है, वो काबिले तारीफ है। इसी क्रम में राजेश ठाकुर ने झारखंड में चल रहे भारत जोड़ो यात्रा के उपयात्रा में राहुल गांधी को शामिल होने का आमंत्रण दिया।

राहुल गांधी ने भेंट के क्रम में कहा कि झारखंड सरकार के विकासशील चेहरे को बदनाम करने का षड़यंत्र भाजपा के द्वारा किया जा रहा है। राजेश ठाकुर के नेतृत्व में इसका डटकर मुकाबला सभी लोग करें।

नफरती माहौल, महंगाई, देश की गिरती अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर जो लड़ाई कांग्रेस लड रही है, उसी का परिणाम है कि भाजपा बेचैनी में संवैधानिक संस्थाओं द्वारा उस आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है।

लेकिन न हम डरेंगे, न झूकेंगे बल्कि जनता की आवाज बनकर जनता के साथ मिलकर इस निरंकुश सरकार को हराने का काम करेंगे। इस यात्रा में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सहभागिता के लिए झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को राहुल गांधी ने साधुवाद भी दिया।

मिथिलेश कुमार ठाकुर ने भारत जोडो यात्रा के क्रम में कहा कि आज इस यात्रा की जरूरत क्यों पड़ी, यह सोचनीय है।

देश से अंग्रेज चले गये पर उनकी फूट डालो और राज करो की नीति को भाजपा ने आत्मसात कर लिया है।

अंग्रेजों के शासनकाल से भी बदतर स्थिति अभी देश में है। भाजपा ने देश को जात, पात, धर्म के नाम पर नफरत का जहर घोल दिया है।

गंगा-जमुनी तहजीब की धरती पर आज लोगों के दिमाग में नफरत का जहर घोला जा रहा है।

 

#राहुल गांधी को झारखंड में भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण