Amritpal Arrested : अमृतपाल की गिरफ्तारी पर बोले Anurag Thakur, कहा भय और आतंक फैलाने वाले के खिलाफ होनी चाहिये सख्त कार्रवाई

147

दिल्ली : पंजाब पुलिस ने आखिरकार खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब दे के प्रधान अमृतपाल सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक महीने से अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिये पुलिस तलाश कर रही थी। हालांकि उसकी गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उसके कई साथियों पकड़ लिया था लेकिन अमृतपाल पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा था। इसी बीच अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि पंजाब सरकार ने अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई करने में बहुत देर की है। उन्होंने कहा है कि स्थिति और बेहतर हो सकती थी अगर अमृतपाल की गिरफ्तारी और पहले हो जाती। साथ ही उन्होंने कहा कि आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। दूसरी तरफ मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि आखिर एक फरार आरोपी कब तक फरार रह सकता है। कानून सर्वोच्च है। उन्होंने कहा कि आतंक और भय फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें : देश छोड़कर भागने वाली थी अमृतपाल सिंह की पत्नी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार अमृतपाल के सरेंडर के दावों के बीच पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसे नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। अमृतपाल को पंजाब पुलिस ने मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अमृतपाल को असम के डिब्रूगढ़ जेल में शिफ्ट किया जाएगा जहां उसके 8 साथियों को रखा गया है। इसी बीच इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमृतपाल की गिरफ्तारी एक जॉइंट ऑपरेशन के तहत की गई। इसमें इंटेलीजेंस विंग और अमृतसर रूरल पुलिस शामिल थी। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 18 मार्च को पुलिस ने अमृतपाल को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की थी लेकिन वह फरार हो गया, तभी से पुलिस पूरे राज्य में उसे और उसके साथियों को खोज रही थी।

इसी बीच अमृतपाल की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक ट्वीट में लिखा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपना फर्ज बखूबी निभाया है। मुख्यमंत्री मान ने इस मिशन को बेहद शांतिपूर्ण और साहस के साथ पूरा किया है। साथ ही केजरीवाल ने पंजाब पुलिस की भी सराहना करते हुए कहा कि पंजाब पुलिस के जवान बेहद साहसी और बहादुर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस ने बिना किसी रक्तपात और गोली चलाए इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की। किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।