नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ को अर्जुन मुंडा सुनेंगे अंडमान निकोबार वासियों के साथ

279

पोर्ट ब्लेयर/रांची : जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” अंडमान निकोबार में जनजातीय समुदाय और आदिम जनजाति के लोगों के साथ सुनेंगे। इस बार श्री मोदी के “मन की बात” का 100वां एपिसोड है और इस बार इस कार्यक्रम के विश्व रिकॉर्ड बनने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि श्री मुंडा अपने चार दिवसीय अंडमान निकोबार दौरे पर हैं। इस दौरान श्री मुंडा वहां जनजातीय समुदाय से मिल रहे हैं। आज श्री मुंडा शोम्पेन आदिम जनजाति से मिलने कैंपबेल में पहुंचे हैं। उनके साथ मंत्रालय के अधिकारियों की एक टीम दौरे पर हैं। बता दे की श्री मुंडा शुक्रवार की रात इसी द्वीप में गुजारेंगे। पहली बार किसी केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री का अंडमान निकोबार के आदिम जनजाति के लोगों से उनके द्वीप में जाकर मिलने और उनके बीच रहने का यह प्रयास है। श्री मुंडा आगामी 30 अप्रैल को जारवा आदिम जनजाति के लोगों से भी मिलेंगे।

 

यह भी पढ़ें : हो भाषा का वह मंदिर जहां पढ़ते थे 1500 हो भाषा के विद्यार्थी

 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मूल रूप से छह जनजातियों – अंडमानी, ओंगेस, जरावास, सेंटिनली, निकोबारी और शोम्पेंस का निवास स्थान रहा है। निकोबारी को छोड़कर, शेष पांच जनजातियां विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) हैं। द्वीपों की जनजातियां दो अलग-अलग जातियों से संबंधित हैं। अंडमान द्वीप समूह में रहने वाले अंडमानी, जरावास, ओंगेस और प्रहरी नेग्रिटो समूह के हैं, जबकि निकोबार द्वीप समूह में रहने वाले निकोबारी और शोम्पेंस मंगोलॉयड समूह के हैं। दोनों क्षेत्रों की जनजातियों ने नस्लीय, भाषाई और सांस्कृतिक दृष्टि से सदियों से संरक्षित रखा है। श्री मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समुदाय के भाषा, संस्कृति, परंपरा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। इसी कारण अंडमान निकोबार का यह चार दिवसीय दौरा है। उन्हें वहां सदियों से रह रहे जनजातीय और आदिम जनजाति समुदाय को समझने का अवसर मिला है। इससे पूर्व श्री मुंडा ने पोर्ट ब्लेयर में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की और केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने गुरुवार को क्षेत्रीय संग्रहालय और सेल्युलर जेल का भी दौरा किया।