नॉर्थ सिक्किम में सेना के ट्रक का एक्सीडेंट, 16 जवान शहीद

नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार यानी आज (23 दिसंबर) को सेना के ट्रक का एक्सीडेंट हो गया

104

गंगटोक।  नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार यानी आज (23 दिसंबर) को सेना के ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें 16 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं इस हादसे में अन्य चार जवान घायल हो गए। हादसे के बाद भारतीय सेना  ने बयान में कहा कि 23 दिसंबर 2022 को जेमा, उत्तरी सिक्किम में सेना के एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया। इस दुखद सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 16 वीरों ने अपनी जान गंवाई है।

यह भी पढ़े :  नंदीग्राम में सहकारी चुनाव में तृणमूल और भाजपा में झड़प, 10 घायल

सेना कि ओर कहा गया है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था। जेमा के रास्ते में वाहन एक तीव्र मोड़ पर स्लिप होकर नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया।

भारतीय सेना ने कहा कि दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी और 13 सैनिक ने दुर्घटना में शहीद हो गए। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। बता दें कि नॉर्थ सिक्किम बेहद ही खतरनाक इलाका है वहीं इन दिनों ये पूरा इलाका बर्फ से ढका हुआ है।

वहीं इस घटना को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताते हुए ट्वीट किया है कि, “उत्तरी सिक्किम  में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं”।