रांची में बैंक के अंदर हमला, ब्रांच मैनेजर को ग्राहक ने मारा चाकू

94

रांची: राजपानी के काटा टोली चौक स्थित एक्सिस बैंक के ब्रांच मैनेजर अंकुर को एक ग्राहक ने चाकू मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया है। घटना बैंक के अंदर की है गंभीर अवस्था में बैंक मैनेजर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार कांटा टोली इलाके के ही रहने वाले फिरोज उर्फ छोटू नाम के युवक का एक्सिस बैंक में खाता है। मिनिमम बैलेंस को लेकर फिरोज और बैंक कर्मचारियों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।

फिरोज के खाते से लगातार पैसे कट रहे थे, जिससे वह काफी नाराज था और अक्सर आकर बैंक में विवाद किया करता था। शुक्रवार को भी फिरोज अपने खाते से कट रहे पैसे को लेकर बैंक पहुंचा था।

बैंक में उसका वहां के कर्मचारियों से विवाद हो गया। इसी बीच बैंक के ब्रांच मैनेजर अंकुर मौके पर पहुंचे उनसे भी फिरोज का काफी विवाद हुआ। जिसके बाद अचानक फिरोज ने अपने पॉकेट में रखे चाकू को बाहर निकाल लिया और हमला कर दिया।

बैंक के दूसरे कर्मचारियों के द्वारा आनन-फानन में लोअर बाजार और खादगढ़ा टोपी को मामले की सूचना दी गई। वहीं घायल बैंक मैनेजर अंकुर को एबुलेंस से तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार अंकुर के शरीर पर चाकू के कई गहरे जख्म के निशान है, उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

वहीं दूसरी तरफ मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई है। आरोपी फिरोज उर्फ छोटू की तलाश में छापेमारी की जा रही है। लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बैंक में हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना हुई है, आरोपी की तलाश की जा रही है वह जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें – झारखंड में सुखाड़ का आकलन करने 9 जनवरी को रांची पहुंचेगी केंद्रीय टीम