ED अधिकारियों पर संदेशखाली में हमला

सहायक निदेशक समेत तीन अधिकारी घायल, राशन घोटाले में करने गये थे छापेमारी

59

कोलकाता, सूत्रकारः राशन भ्रष्टाचार मामले में संदेशखाली में तृणमूल नेता के घर तलाशी अभियान के दौरान ईडी अधिकारियों पर तृणमूल कार्यकर्ताओं के हमले हिंसक हो गए हैं। हमले में ईडी के सहायक अधिकारी का सिर फूट गया है जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हमले में दो और अधिकारी घायल हो गए हैं।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, संदेशखाली में घायल तीन अधिकारियों में से एक सहायक निदेशक राजकुमार राम हैं। वह जांच के लिए गुवाहाटी से लाए गए हैं। अस्पताल में उनका सीटी स्कैन किया गया। उनके सिर पर छह टांके लगे हैं।  अन्य दो घायल अधिकारियों की पहचान अंकुर और सोमनाथ दत्ता के रूप में की गई है। तीनों अधिकारियों को सॉल्टलेक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल पहुंच कर उनकी हालचाल पूछी है। दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय से भी घायल अधिकारियों के बारे में जानकारी ली गई है।

सूत्रों के मुताबिकईडी के पांच अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उत्तर 24 परगना के संदेशखाली स्थित तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर पर छापेमारी की। शाहजहां पूर्व खाद्य मंत्री ज्योति प्रिय मल्लिक के करीबी  हैं।छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारियों की सुरक्षा के लिए वहां केंद्रीय बलों के जवान भी मौजूद थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जब उन्होंने सरबेरिया गांव में शाहजहां के घर की ओर जाने की कोशिश की तो तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने उन्हें रोक दिया।
ईडी अधिकारियों ने तृणमूल नेता के घर के सामने आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने ताला तोड़ने की कोशिश की। आरोप है कि उस वक्त उन्हें घेरकर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने चौतरफा हमले शुरू कर दिए। उनकी गाड़ियों पर हमला किया गया। मीडिया कर्मियों की गाड़ियां भी तोड़ी गईं। इस हमले के बीच ईडी अधिकारियों को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इसी दौरान ईंट-पत्थर के हमले में तीन अधिकारी घायल हो गए। चूंकि हमलावरों की संख्या ज्यादा थी, इसलिए केंद्रीय सुरक्षा  बल के जवान कुछ नहीं कर पाये। बल्कि उन्हें भी धक्का देकर भागने पर मजबूर कर दिया गया।

इधर ईडी की एक टीम ने बनगांव में भी पूर्व नगर पालिक चेयरमैन के घर में छापेमारी की। वहीं दक्षिण कोलकाता के विजयगढ़ में भी चार्टर्ड एकाउंटेट के घर पर ईडी अधिकारियों ने छापेमारी कर जांच-पड़ताल की।

शुभेंदु ने एनआईए जांच की मांग की, अमित शाह को लिखा
राशन वितरण भ्रष्टाचार मामले में संदेशखाली में छापेमारी करने पहुंची ईडी की टीम पर हमले को लेकर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।शुक्रवार दोपहर शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अधिकारियों पर हमले का वीडियो शेयर किया। उन्होंने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से घटना की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। तृणमूल नेता शाहजहां शेख के घर छापेमारी करने पहुंचे ईडी और सीआरपीएफ के अधिकारियों पर देखिए किस तरह से हमले हुए हैं। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी इस ट्वीट में टैग किया और तुरंत हस्तक्षेप की मांग की। इसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, ईडी और सीआरपीएफ को भी टैग किया है।