लोकसभा में दर्शक दीर्घा में कूदे 2 शख्स, मचा हड़कंप

संसद की सुरक्षा में बड़ी

44

नयी दिल्ली: संसद की सुरक्षा में भारी चूक का मामला सामने आया है। बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए। इसके कारण लोकसभा की कार्यवाही को 2 बजे तक स्थगित करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक एक शख्स का नाम सागर बताया जा रहा है। यह मैसूर से बीजेपी सांसद प्रताप सिन्हा के विजिटर पास पर संसद पहुंचा था। फिलहाल संसद के सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। इससे पूछताछ की जा रही है।
क्या हुआ था?
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान करीब 1 बजकर 12 मिनट पर यह घटना हुई है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद दो लोग नीचे कूद गए। एक शख्स के पैर से धुंआ निकल रहा था। बताया जा रहा है कि उसके पैर में स्मोक कैंडर छिपे थे। सुरक्षा कर्मियों के अलावा सांसद भी शख्स को पकड़ने के लिए भागे। जिस समय यह घटना हुई तब राहुल गांधी भी मौजूद थे। इसी बीच अध्यक्ष की कुर्सी पर मौजूद पीठासीन अधिकारी राजेन्द्र अग्रवाल ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

संसद पर हमले की 22वीं बरसी पर हुई घटना
बता दें कि बुधवार को संसद पर 2001 में हुए आतंकी हमले की 22वीं बरसी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा सांसद दानिश अली ने कहा कि दर्शक दीर्घा में मौजूद शख्स कार्यवाही के दौरान नीचे कूद गए। वहीं सपा सांसद डिंपल यादव ने इसे सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर ध्यान देने की जरूरत है। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि दो युवक गैलरी से कूद गए और उनके द्वारा कुछ फेंका गया जिससे गैस निकल रही थी। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है क्योंकि आज हम 2001 (संसद हमले) में अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की पुण्यतिथि मनाई।