भाजपा को 2014 से पूर्व महंगाई लगती थी डायन, अब लगती है भाभी : मुख्यमंत्री

 झंडा मैदान में जनसभा को किया संबोधित

181

गिरिडीह : 18 जनवरी को शहर के झंडा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा को 2014 से पूर्व महंगाई डायन लगती थी, अब भाभी लग रही है। भाजपा की सरकार केंद्र में रही तो हवा के दाम भी लोगों को चुकाने पड़ेंगे। जाति धर्म के नाम पर देश में उथल-पुथल मची है।

पारसनाथ में मरांगबुरू को लेकर जहर उगला जा रहा है। पारसनाथ को लेकर चिंता नहीं सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि गुजरात, दिल्ली व महाराष्ट्र को जलाने वाली भाजपा सरकार का शासन झारखंड में भी रहा है। इस पार्टी ने राज्य को शोषण का अड्डा बना दिया।

भाजपा के शासनकाल में जल, जंगल और जमीन के साथ खिलवाड़ की गई। गैर भाजपा शासित राज्यों के सरकार को केंद्र सरकार परेशान करने के लिए आईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। कानून को ठेंगा दिखाकर केंद्र सरकार काम कर रही है। खतियान जोहर यात्रा पर सीएम गिरिडीह के दौरे पर पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करने के साथ अन्य कई कार्यक्रमों में भी उन्होंने भाग लिया।

सीएम ने कहा कि विगत तीन वर्ष में राज्य सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कोरोना के बाद राज्य को सुखाड़ की मार झेलनी पड़ी। सभी प्रवासी मजदूरों को हवाई जहाज व ट्रेन से वापस लाया गया। झारखंड के मजदूर रोजी-रोटी कमाने दूसरे राज्यों में गए थे।

कोरोना के कारण फंस गए। विषम परिस्थिति के बावजूद राज्य सरकार सबका सहारा बनी। राज्य में यूपीए गठबंधन की सरकार को तीन साल में अब तक सिर्फ एक ही वर्ष ठीक से काम करने का मौका मिला है। दो वर्ष कोरोना महामारी के कारण कामकाज ठीक से नहीं हो पाई।

सीएम ने दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यकों को पढ़ लिख कर न्याय देने वाला व्यक्ति बनने का आह्वान किया। जेल में बंद सर्वाधिक लोग इसी समुदाय के हैं। राज्य सरकार होनहार छात्र-छात्राओं को सरकारी खर्चे पर पढ़ाई के लिए विदेशी भेज रही है।

देश में झारखंड पहला राज्य है जहां आदिवासी व दलित बच्चों को विदेश पढ़ाई करने भेजा गया है। सीएम ने पुलिसकर्मियों को चेतावानी देते हुए कहा कि कांबिंग ऑपरेशन के नाम पर आदिवासियों को प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए।

ऑपरेशन के नाम पर आदिवासियों के तीर धनुष जब्त किए जा रहे हैं। आदिवासियों की भावना से छेड़छाड़ की गई तो उन्हें संभालना मुश्किल हो जाएगा।. तीर धनुष आदिवासियों की परंपरा में शामिल है, यह उनके जीवन-मरण का सवाल है।

जनसभा को संबोधित करते हुए श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। जनसभा को गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद, गिरीडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी और जयप्रकाश वर्मा ने भी संबोधित किया। जनसभा में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, शहनवाज अंसारी, अजीत कुमार, अभय यादव, संजीव सिन्हा समेत वरीय पार्टी नेता और हजारों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

 

 

यह भी पढ़ें – वर्ष 2023 क्रियान्वयन का वर्ष है, चल रही योजनाओं की मॉनिटरिंग करूंगा : मुख्यमंत्री