शनिवार को मुरैना पहुंचेगी राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा

50

भोपाल: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अब अंतिम पड़ाव पर है। इसी क्रम में न्याय यात्रा शनिवार, 2 मार्च को धौलपुर (राजस्थान) सीमा से दोपहर 1.30 बजे मध्यप्रदेश के मुरैना में प्रवेश करेगी। यात्रा के संबंध में शुक्रवार को जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को दोपहर 1.30 बजे मध्यप्रदेश के मुरैना में प्रवेश करेगी। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव के नेतृत्व और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के अन्य नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में पार्टी ध्वज को सलामी देकर उत्तरप्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों द्वारा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को ध्वज सौंपाने का कार्यक्रम दोपहर 2 बजे जे.बी. ढाबा, पिपरई (देवपुरी ढाबा) में किया जायेगा। न्याय यात्रा के 2 मार्च के प्रभारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव मप्र प्रभारी शिव भाटिया, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविंद सिंह हैं।
केके मिश्रा ने बताया कि यात्रा दोपहर 2.30 बजे अंडर ब्रिज के पास मुरैना में रोड शो होगा,जहां राहुल गांधी का भव्य स्वागत भी किया जायेगा। तत्पश्चात शाम 5 बजे ग्वालियर शहर में यात्रा का स्वागत और ग्वालियर में ही चार शहर नाका से जीरा चौक तक रोड शो होगा, तत्पश्चात राहुल गांधी का संबोधन होगा। यात्रा का रात्रि विश्राम गोल्डन लोटस गार्डन में होगा।
केके मिश्रा ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा से सेवादल के अध्यक्ष, प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, विधायक प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, लोकसभा समन्वय समीतियां, सभी पार्षदगण, पंचायत प्रतिनिधियों आदि सहित अन्य प्रतिनिधिगण भी यात्रा से जुड़ेंगे।