कांग्रेस के प्रति थोड़ी भावुक हैं ममता: निशिकांत दुबे

मोहब्बत की दुकान में नफरत का सामान बिक रहा है: अनुराग ठाकुर

47

कोलकाता, सूत्रकार : प्रदेश की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने हाल में ही कांग्रेस पर सीट शेयरिंग को लेकर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस इस बार 40 सीट भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने आगे कहा कि मैने कांग्रेस से 300 लोकसभा सीटों पर लड़ने को कहा था, लेकिन उन्होंने मेरी बात को नहीं माना। भारत जोड़ो यात्रा पर भी उन्होंने कहा कि वो इस यात्रा में मुस्लिम वोटरों को प्रभावित करने आएं हैं। उन्हें नहीं पता है कि अगर कांग्रेस 300 सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो वो 40 सीटें भी जीत पाएंगे या नहीं। इस पर अब भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने अपनी प्रतिकिया दी है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी के बयान पर कहा कि 40 सीट वे ज्यादा कह रही हैं क्योंकि वे कांग्रेस के प्रति थोड़ी भावुक हैं। हम तो कांग्रेस को 10 सीटें देने के लिए भी तैयार नहीं हैं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ममता बनर्जी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने ठीक कहा क्योंकि इंडिया गठबंधन में न्याय नहीं हो पा रहा, मोहब्बत की दुकान में नफरत का सामान बिक रहा है। तभी पहले नीतीश कुमार चले गए, अब ममता बनर्जी जाने का नाम ले रही हैं और यह भी कह रही हैं कि कांग्रेस को 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी।