बंगाल में जहर घोल रही है बीजेपी : अभिषेक

णमूल कांग्रेस सांसद ने शेयर किया शुभेंदु अधिकारी का एक  वीडियो

64

कोलकाता, सूत्रकार : तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव और सीएम ममता बनर्जी के भतीजे सह सांसद अभिषेक बनर्जी ने वीडियो पोस्ट कर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के चरित्र को उजागर करना चाहा। उस वीडियो में शुभेंदु ने कब, किसके बारे में, क्या टिप्पणी की या विशेषण का इस्तेमाल किया है, यह दिखाने की कोशिश की गई है। शुभेंदु ने ममता बनर्जी के बारे में क्या कहा? आदिवासी नेता और राज्य मंत्री बीरबाहा हांसदा के बारे में क्या कहा? अभिषेक ने उस वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए ये लिखा है। यह वीडियो दो मिनट का है।

उन्होंने कहा कि देखिए कैसे बीजेपी बंगाल में जहर घोल रही है। अभिषेक ने हाईकोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई अपीलों के बाद भी हाईकोर्ट ने इस व्यक्ति (शुभेंदु) को रक्षा कवच दी है। साथ ही लिखा कि यह कट्टरता, नफरत कौन फैला रहा है? क्या कारण है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय उन्हें (शुभेंदु) सुरक्षा देने के लिए मजबूर है?

बता दें कि शुभेंदु पर संदेशखाली में एक सिख आईपीएस अधिकारी यशप्रीत सिंह के प्रति ‘खालिस्तानी’ टिप्पणी करने का आरोप है। इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आंदोलन छेड़ रखा है। कई लोगों के मुताबिक, अभिषेक यह बताना चाहते थे कि शुभेंदु के मुंह से ‘खालिस्तानी’ टिप्पणी कोई अलग घटना नहीं है। वह लगातार अलग-अलग लोगों और समुदायों को लेकर टिप्पणी करते रहे हैं।

हाल ही में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर शुभेंदु के शब्दों की राजनीतिक हलकों में आलोचना भी हुई थी। हालांकि शुभेंदु इस बात को स्वीकार नहीं करना चाहते थे कि उनके शब्द अश्लील थे। उन्होंने कहा कि चालू बांग्ला में मूर्ख के पर्यायवाची के रूप में इस शब्द का प्रयोग किया जाता है। दूसरी ओर, बीजेपी ने तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष पर महिला विरोधी टिप्पणी का आरोप लगाया है। बीजेपी नेता अग्निमित्रा पाल को कुणाल की बातों पर भाजपा हमलावर है।

अग्निमित्रा ने कुणाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दायर किया है। एक जवाबी वीडियो में कुणाल ने दावा किया कि अग्निमित्रा ने खुद कहा था कि ‘बेशर्म’ और ‘अश्लील’ शब्द शुभेंदु को संबोधित थे, उन्हें नहीं। उसके बाद भी झूठ बोला जा रहा है। जानकारों के मुताबिक अभिषेक एक पोस्ट में दो बातें बताना चाहते हैं। एक जब कुणाल पर आरोप लग रहे हैं तो वह मामले को शुभेंदु की तरफ मोड़ना चाहते हैं। दो, शुभेंदु ने कोर्ट की भूमिका पर निशाना साधा। तृणमूल की आईटी सेल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर शुभेंदु के पुराने वीडियो प्रसारित कर रही है।