बजट सत्र में भाजपा विधायकों ने राज्य गान की जगह गाया राष्ट्रगान

ये राज्य का अपमान है- सीएम

56

कोलकाता, सूत्रकार : पश्चिम बंगाल विधानसभा का बजट सत्र गुरुवार को राज्य गीत बजाए जाने और भाजपा विधायकों द्वारा एक साथ राष्ट्रगान गाने को लेकर हंगामे के बीच शुरू हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी ने सदन में प्रवेश करने के बाद अधिकारियों को राज्य बजट सत्र की शुरुआत से पहले राज्य गीत बांग्लार माटी बांग्लार जल बजाने का निर्देश दिया। गाना बजते ही बीजेपी विधायक खड़े हो गए और राष्ट्रगान गाने लगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रगान के अपमान के लिए भाजपा की कड़ी निंदा की।

बनर्जी ने कहा कि अंत में राष्ट्रगान बजाया जा रहा है। जब राज्य गीत बज रहा हो तो भाजपा द्वारा राष्ट्रगान गाना राष्ट्रगान का अपमान है। हालांकि, बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पॉल ने पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रगान हमेशा किसी भी सरकारी कार्यक्रम या बजट सत्र के शुरुआत और अंत दोनों में होता है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने पिछले महीने एक अधिसूचना जारी कर बंगाली नव वर्ष के पहले दिन पोइला बोइसाख को राज्य दिवस और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखित गीत “बांग्लार माटी बांग्लार जल” को राज्य गीत घोषित किया था।

यह ममता बनर्जी की पुरानी आदत रही है: शुभेंदु

वहीं, भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया है। दरअसल बजट पेश करने के समय राज्य सरकार की ओर से राज्य गीत गया गया। इधर जैसे ही बजट पेश करने की शुरुआत हुई, भाजपा विधायक राष्ट्रगान गा रहे थे। उस समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टिप्पणी करते हुए राज्य गीत पर बात करनी शुरू कर दी जिसे लेकर उन पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगा है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि ममता बनर्जी की आदत रही है देश और राष्ट्रगान का अपमान करना। हालांकि इसके खिलाफ पार्टी की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई जाएगी या नहीं, इस बारे में शुभेंदु अधिकारी ने कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।