रिम्स की बदहाली पर बीजेपी का प्रर्दशन

कमीशन खोरी की चक्कर में रिम्स को किया जा रहा है बर्बाद : सांसद

88

रांची : रिम्स की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर-जिला के नेतृत्व में प्रशासनिक भवन के बाहर एक दिवसीय धरना दिया गया। इस दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक स्वर में नेताओं ने अस्पताल की खराब व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधा। भाजपा ने कहा कि तीन साल में सभी विभागों का बंटाधार तो हुआ ही है।

गरीबों की लाइफ लाइन कही जाने वाली रिम्स अस्पताल की व्यवस्था भी खस्ता हो गयी है। लिफ्ट में मरीज की मौत हो जाती है।

धरने पर बैठे राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में चौतरफा गिरावट हो रहा है। राज्य के सबसे प्रमुख अस्पताल रिम्स की व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी कमीशन खोरी में डूब चुके हैं। हमारे सरकार के कार्यकाल में जनता को जो सुविधा मिल रही थी। वो भी तीन वर्षों में खत्म हो गई है।

कांके विधायक समरी लाल ने कहा कि रिम्स के बदहाली का जिम्मेवार झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विभाग के उच्च अधिकारी और रिम्स निदेशक डॉ कामेश्वर प्रसाद है।

यही लोग मिलकर अव्यवस्था फैलाने का काम कर रहे हैं। अस्पताल में रिश्वतखोरी और कमीशन खोरी हो रही है और इसके दोषी स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता है। उन्होंने कहा कि रिम्स की लचर व्यवस्था को लेकर कई बार विधानसभा में आवाज उठाने का काम किया है।

व्यवस्था सुधार को लेकर शासी परिषद की बैठक में एजेंडा रखते हैं, लेकिन शासी परिषद के अध्यक्ष स्वास्थ्य मंत्री सभी एजेंडा को विलुप्त कर देते हैं। मंत्री का ध्यान सिर्फ बिल्डिंग बनाने और मशीन लगाने तक सिमट कर रह गया है। उन्हें इससे कमीशन मिलता है।

प्रदेश महामंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि रिम्स को झारखंड की जनता मंदिर मानती है, लेकिन यहां की व्यवस्था देखकर अफसोस होता है। प्राइवेट अस्पताल के दलाल का रिम्स में कब्जा है। यहां के डॉक्टर के कार्यशैली पर सवाल नहीं उठाता हूं, लेकिन अस्पताल की व्यवस्था चरमराने की सबसे बड़ी वजह मैन पावर की भारी कमी है।

ईडी के आरोपी पंकज मिश्रा को वीआईपी सुविधा दी जा रही है। जिनकी पैरवी है उसे ही रिम्स में इलाज मिलता है। आम जनता को सुविधा मिलती नहीं है। सुबोध ने कहा कि हेमंत सोरेन ने तीन साल के कार्यकाल में रिम्स का बंटाधार कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन करेंगे।

वहीं भाजपा रांची महानगर के अध्यक्ष केके गुप्ता ने कहा कि रिम्स की कुव्यवस्था को देखते हुए हाई कोर्ट ने फटकार लगाया है। रिम्स डायरेक्टर को इस्तीफा देने तक कह दिया। बावजूद इसके रिम्स में सुधार की सुगबुगाहट नहीं है। नर्स और डॉक्टर की भारी किल्लत है। मरीज भगवान भरोसे हैं।

यही वजह है कि प्राइवेट अस्पतालों की कमाई बढ़ गई है।
मौके पर प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, कांके विधायक समरी लाल, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मुनचुन राय, सीमा शर्मा, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुरेंद्र महतो समेत अन्य नेता मौजूद थे।

 

यह भी पढ़ें – बीजेपी नेता ब्रह्मानंद नेताम को झारखंड हाईकोर्ट मिली बड़ी राहत