मुर्शिदाबाद में बम बनाते समय हुआ ब्लास्ट, 2 की मौत

कूचबिहार में चार को लगी गोली, पंचायत चुनाव को लेकर जारी है हिंसा का सिलसिला

90

मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल में आज यानी 8 जुलाई को पंचायत चुनाव होने हैं। लेकिन राज्य में हिंसा शुक्रवार को भी जारी रही। खबर है कि मुर्शिदाबाद ज़िले में एक कांग्रेस कर्मी की हत्या हो गई। इसके साथ ही दोपहर में मुर्शिदाबाद में 2 और लोगों की मौत हो गई। शमशेरगंज के बॉबडाड नगर पंचायत के जोतकाशी गांव में बम बनाते समय ब्लास्ट की घटना घटी है। इसमें घटना स्थल पर बम बनाने वाले दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, कूचबिहार में भी भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुए संघर्ष में तीन लोगों को गोली लग गई। अधिकारियों के अनुसार, राज्य में चुनाव संबंधी हिंसा में अभी तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

मुर्शिदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या

जानकारी मिली है कि मुर्शिदाबाद जिले के रानी नगर इलाके में कांग्रेस कर्मी की हत्या कर दी गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस हत्या का आरोप टीएमसी कर्मियों के ऊपर लगा रहे हैं। बताया जाता है कि मृतक कांग्रेस कर्मी अभिनंद मंडल सुबह अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। उसी समय कथित टीएमसी कर्मियों ने उन पर हनला कर दिया। अस्पताल ले जाने के बाद डाक्टरों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया। वहीं, मुर्शिदाबाद जिले के ही फरक्का के भवानीपुर इलाके में भी बम बनाने के दौरान विस्फोट हुआ है। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाजपा और टीएमसी के संघर्ष में तीन को लगी गोली

मुर्शिदाबाद के आलावा पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में भी हिंसा हुई है। जानकारी मिली है कि कूचबिहार के काला माटी इलाके में बीती रात भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने ऊपर हुए हमले का आरोप टीएमसी कर्मियों पर लगाया है। आरोप है कि भाजपा कर्मियों पर टीएमसी कर्मियों ने गोलीबारी भी की है। इस फायरिंग में चार लोगों को गोली लगी है। इस हमले में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

बीरभूम में मिले 200 ताजा बम

वैसे पंचायत चुनाव के माहौल में बीरभूम में कई बार बम बरामद होने से सनसनी फैल चुकी है। इससे पहले सोमवार को दुबराजपुर के लक्ष्मीनारायणपुर ग्राम पंचायत के आदमपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय की रसोई की छत से एक बम बरामद किया गया था। प्राथमिक विद्यालय में जिस घर में मध्याह्न भोजन बनता है, उसकी छत से पॉलिथीन पैकेट में लिपटे चार ताजा बम बरामद किये गये। सोमवार को दुबराजपुर के जशपुर ग्राम पंचायत के पचियारा गांव से भी एक बम बरामद किया गया था। दुबराजपुर थाने की पुलिस ने उक्त गांव निवासी शेख आलम के घर से एक जेरीकेन ताजा बम बरामद किया। पुलिस ने बताया कि 14-15 ताजा बम बरामद किये गये हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिनके घर से ताजा बम बरामद हुए हैं, उनके परिवार के सभी सदस्य फरार हैं।

मालदह में संघर्ष, 8 घायल

मालदह में वाम-कांग्रेस गठबंधन के कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की घटना घटी है। कई राउंड फायरिंग के साथ घरों में तोड़फोड़ की गई। घटना में वाम मोर्चा और कांग्रेस के 8 कार्यकर्ता घायल हो गए। तृणमूल पर आरोप है मालदह रतुआ द्वितीय प्रखंड के परानपुर ग्राम पंचायत के मिर्जापुर का चांदपुर इलाके में रात से ही अशांति फैली है। फिलहाल इलाके में केंद्रीय बल तैनात हैं। गांव का माहौल शांत है। हालांकि, तृणमूल ने आरोपों को खारिज कर दिया।