चेक बाउंस से जुड़े केस में Bollywood actress Ameesha पटेल ने रांची सिविल कोर्ट में लगायी हाजिरी

148

रांची : चेक बाउंस मामले में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल आज सिविल कोर्ट में पेश हुई है। पिछले एक महीने में यह दूसरा मौका है जब इस मामले में अमीशा पटेल कोर्ट में सशरीर उपस्थित हुई। आज पेश होने के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री ने अपने ऊपर लगे धोखाधड़ी के सभी आरोपों को गलत बताया तो वहीं इस मामले में अब प्रार्थी की ओर से मध्यस्थता का आग्रह किया गया है। सिविल जज सीनियर डिवीजन डीएन शुक्ला के आदेश के आलोक में अमीषा कोर्ट में सोमवार को सशरीर उपस्थित हुई एवं अपने ऊपर लगे आरोप को गलत बताया। वही मामले में प्रार्थी अजय कुमार सिंह की ओर से मध्यस्थता से इस मामले को सुलझाने का आग्रह किया गया।

 

ये भी पढ़ें :  फ़ूड इंस्पेक्टर ने मेले से 200 किलो नकली पेड़ा किया जब्त

 

क्या है पूरा मामला?

अमीषा पटेल पर रांची के फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह ने चेक बाउंस होने, धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया था। अमीषा पर आरोप है कि उन्होंने एक फिल्म के प्रमोशन और पब्लिसिटी के लिए रांची के रहने वाले फिल्ममेकर अजय कुमार सिंह से 2.5 करोड़ रुपये लिए थे। फिल्म पूरी होने के बाद ब्याज समेत पैसे वापस करने थे। लेकिन 2013 में शुरू हुई ये फिल्म पूरी नहीं हो रही थी। लिहाजा अजय सिंह ने अपने पैसे वापस मांग लिए थे। अमीषा पर आरोप है कि उन्होंने अजय कुमार सिंह के पैसे नहीं लौटाए। अजय कुमार सिंह की वकील विजया लक्ष्मी श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल उन्हें जमानत मिल गई है, लेकिन कोर्ट ने 21 जून को दोबारा हाजिर होने का निर्देश दिया है। वहीं, एक्ट्रेस अमीषा पटेल की तरफ से उनके अधिवक्ता जयप्रकाश ने पक्ष रखा। आपको बता दें कि धोखाधड़ी और चेक बाउंस मामले में कई बार अमीषा पटेल के नाम समन जारी हो चुका है, लेकिन वो कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थीं। बाद में कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था।