पांच लाख के इनामी नक्सली के घर पर चला बुलडोजर

140

चतरा: प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के पांच लाख के इनामी नक्सली सहदेव यादव के घर को शुक्रवार को पुलिस ने कुर्क किया।

राजपुर थाना प्रभारी विकास पासवान के नेतृत्व में पहुंची पुलिस की टीम ने सिकिद गांव में फरार नक्सली के घर को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

न्यायालय के आदेश पर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस की ओर से किए गए इस विध्वंसक कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।

फरार नक्सली को न्यायालय में यथाशीघ्र आत्मसमर्पण करने की सुरक्षाबलों ने चेतावनी भी दी। बता दें कि सहदेव यादव राजपुर थाना में दर्ज नक्सली कांड संख्या 90/15 में लंबे समय से वांछित है।

पूर्व में राजपुर पुलिस ने फरार नक्सली के घर में इश्तेहार चिपका कर सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। लेकिन सरेंडर नहीं करने के बाद पुलिस ने अब कुर्की जब्ती की कार्रवाई की।

इस दौरान घर में रखे सामानों को पुलिस अपने साथ थाना ले गई। अधिकारियों ने अन्य फरार नक्सलियों से झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाकर हथियार डालने की अपील की है।