मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहुंचे अयोध्या, कहा- रामभक्तों का सपना पीएम मोदी ने सच किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी करेंगे मुलाकात

117

अयोध्या : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने पूरे दल-बल यानी सभी सांसदों और विधायकों के साथ आज अयोध्या के रामलला दर्शन करने पहुंचे। हालांकि शनिवार रात को ही वे राजधानी लखनऊ पहुंच चुके थे। उनके स्वागत के लिए पूरा अयोध्या शिवसेना के झंडे और मुख्यमंत्री के बैनर से पहले पट चुका था। शिंदे के साथ सांसदों और विधायकों के अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे थे। अयोध्या में उनका भव्य स्वागत हुआ।


इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘बाला साहेब ठाकरे का सपना था, लाखों करोड़ों राम भक्तों का सपना था कि अयोध्या में भव्य दिव्य राम मंदिर का निर्माण हो…देश के प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर का निर्माण शुरू करके ये सपना सच कर दिखाया है ‘।
अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के ऊपर से सभी संकट दूर हो जाएं। महाराष्ट्र की जनता सुखी हो जाए। दर्शन करके बहुत खुशी मिली।

आपको बताते चलें कि मुख्यमंत्री बनने के के सीएम शिंदे का यह पहला अयोध्या दौरा है। इसके राजनीतिक कारण भी बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि उनका यह दौरा उनको हिंदुत्व की राजनीति के लिए बहुत कारगर सिद्ध होने वाला है। अयोध्या में शक्ति प्रदर्शन कर एकनाथ शिंदे अपने आप को हिंदुत्व की राजनीति करने वाले नेता के तौर पर स्थापित करने की कोशिश में हैं।


हालांकि उनके इस दौरे पर राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सवाल उठाते हुए कहा है कि ‘मैं भी कई बार अयोध्या जा चुका हूं लेकिन भाजपा हमारे साथ तो नहीं आई थी जब बाबरी का मुद्दा हुआ था, तब वे भाग गए थे और अब गद्दारों की उंगली पकड़कर जा रहे हैं। ऐसे लोगों को प्रभू श्री राम का आशीर्वाद नहीं मिलता है।