मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था

92

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पंजाब दौरे पर हैं। इस दौरान बुधवार को वे अमृतसर पहुंचे। अमृतसर में उन्होंने हरमंदिर साहिब में मत्था टेका। उन्होंने राज्य और राज्यवासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर का धन्यवाद किया और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना किया।

मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अध्यात्म के केंद्र श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने अपने परिवार के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वो यहां अपने परिवार के साथ भगवान का आशीर्वाद लेने आए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वो पारिवारिक दौरे पर अमृतसर आए हैं। अमृतसर आने पर स्वर्णमंदिर दर्शन करने नहीं आऊं, ऐसा कैसे हो सकता है। इसलिए परिवार के साथ भगवान का आशीर्वाद लेने आया हूं। इस मौके पर उन्होंने राजनीति से जुड़े सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने की जानकारी दी। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में धर्मपत्नी संग माथा टेका। झारखंड के लोगों के लिए सुख, शांति, समद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की।

बता दें कि पंजाब दौरे पर जाने से पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली में थे। जहां उनसे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलाकात की थी। दोनों ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का स्वागत किया था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली स्थित झारखंड भवन में जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान दोनों ने झारखंड और दिल्ली से जुड़े विकास के मुद्दों पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया था।