देव दीपावली पर लाखों दीपों से सजी शिव की नगरी

बनारस की देव दीपावली पूरी दुनिया में लोकप्रिय है

134

बनारसः देव दीपावली के मौके पर बनारस के घाटों पर सोमवार को हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित हुई। सभी घाट दीपों से सजे हुए थे। 7 नवंबर को घाटों के शहर काशी में देव दीपावली मनाई जा रही है।

बनारस की देव दीपावली पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। देश-विदेश से लोग देव दीपावली देखने के लिए आते हैं। बनारस के लोग आज साल के अपने आखिरी महापर्व देव दीपावली को मनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। अस्सी से लेकर राजघाट के बीच जगह-जगह भक्तिमय माहौल बना हुआ है। सौ से अधिक घाटों पर दीप महोत्सव की छटा बिखरी हुई है।

काशी के प्रमुख घाटों में से एक दशाश्वमेध घाट पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। देव दीपावली का मुख्य कार्यक्रम राजघाट पर हो रहा है। चेत सिंह घाट पर लेजर शो शुरू हो गया है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के सामने गंगा पार रेती पर आतिशबाजी भी की गयी।

काशी के गंगा घाटों पर सोमवार शाम मानो पूरा देवलोक उतर आया। देव दीपावली महोत्सव दीपों के प्रकाश से प्रदीप्त गंगा के अप्रतिम सौंदर्य को निहारने के लिए देश-दुनिया से लाखों लोग जुटे।

घाटों को एकाकार करते 10 लाख से ज्यादा दीपों का अलौकिक और नयनाभिराम दृश्य कैमरों में कैद करने के लिए पर्यटकों में होड़ रही।  शाम चार बजते ही ऐसा लगा मानों, पूरा शहर गंगा घाटों की ओर उमड़ पड़ा हो।