बीजेपी प्रत्याशी निशिकांत दुबे के खिलाफ कांग्रेस ने दर्ज करायी शिकायत

62

रांची : कांग्रेस और झामुमो के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से मिलकर गोड्डा के भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर अविलंब कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने अपने शिकायतवाद में गोड्डा लोकसभा प्रत्याशी निशिकांत दुबे की ओर से नामांकन घोषणा पत्र में सूचना छुपाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस-जेएमएम की ओर से चुनाव आयोग को बताया गया है कि इस मामले में गोड्डा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव की ओर से जिला निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत भी की गई थी। लेकिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रतिनिधिमंडल मे शामिल सदस्यों ने कहा कि निशिकांत दुबे की ओर से अपने घोषणा पत्र में पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या 162/2009 और जसीडीह थाना कांड संख्या 213/2019 का उल्लेख नहीं किया। दोनों मामले न्यायालय में लंबित है, लेकिन निशिकांत दुबे की ओर से उसका जिक्र नहीं किया गया है। वहीं निशिकांत दुबे की ओर से अपने घोषणा पत्र में अपनी पत्नी के नाम से अभिषेक झा से एक करोड़ 20 लाख रुपए उधार लेने का उल्लेख किया गया है, जबकि गोड्डा लोकसभा से ही निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले अभिषेक झा द्वारा अपने घोषणा पत्र में इसका जिक्र नहीं किया गया है। प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से अमूल्य नीरज खलको, राकेश सिन्हा, सतीश पाल मुंजनी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मुस्ताक आलम शामिल थे।

ये भी पढ़ें :  झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले दो दिनों तक आंधी के साथ बारिश की संभावना