कांग्रेसी नेता स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र कुमार गौरव बनाये गए युवा आयोग के अध्यक्ष

195

रांची : झारखंड सरकार की तरफ से झारखंड युवा आयोग के गठन का एलान कर दिया गया है। प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कुमार गौरव को युवा आयोग का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं विशाल अंबर तिर्की और सुनील टुडू को आयोग का सदस्य बनाया गया है। बताते चलें कि कुमार गौरव लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय हैं और फिलहाल कांग्रेस पार्टी में प्रदेश महासचिव के पद पर हैं। कांग्रेस के संगठनात्मक दायित्वों में गिरिडीह जिला के प्रभारी भी हैं। बता दें कि उनके पिता स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से एक थे। उन्होंने बेरमो विधानसभा का पांच बार प्रतिनिधित्व किया था। झारखंड और बिहार में गठित कई सरकार में वो मंत्री भी रह चुके हैं। कुमार गौरव को युवा आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, रामेश्वर उरांव, बादल पत्रलेख, पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत, डॉ. अजय कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, गीता कोड़ा, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, प्रदेश महासचिव राकेश सिन्हा, मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, गो सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद समेत अन्य ने बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया है कि झारखंड में दूसरी बार गठित युवा आयोग से झारखंड के युवाओं को काफी लाभ मिलेगा और कुमार गौरव राज्य के युवाओं के हित में सकारात्मक काम करेंगे। नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार ने एक जिम्मदार युवा को आयोग की बागडोर संभालने के लिए दी है।

 

ये भी पढ़ें : एक ही फांसी में क्यों लटके मां और बेटा, वजह बेहद दर्दनाक