कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन

राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हुए थे शामिल

131

जालंधर (पंजाब): पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह की शनिवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गयी। जिस समय सांसद को हार्ट अटैक आया वो कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में चल रहे थे।

शनिवार की सुबह जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरीकांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे लेकिन इसी दौरान वे अचानक बीमार पड़ गये।

सांसद चौधरी की हालत बिगड़ते ही राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को बीच में ही रोक दिया। तुरंत उन्हें एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना पर एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह भारत जोड़ा यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे होते हैं। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ जाता है।

कांग्रेस सांसद के निधन की वजह से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को शनिवार के लिए स्थगित कर दिया गया है। रविवार को संतोख सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि संतोख सिंह चौधरी के सम्मान में यात्रा 24 घंटे के लिए निलंबित रहेगी। यात्रा कल दोपहर खालसा कॉलेज ग्राउंड, जालंधर से फिर से शुरू होगी।

समाचार एजेंसी एएनआई ने वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया है। जानकारी के अनुसार , जिस समय कांग्रेस सांसद को दिल का दौरा पड़ा आया उस दौरान भारत जोड़ा यात्रा फगवाड़ा और फिल्लौर की ओर जाने वाली सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान सांसद चौधरी को हार्ट अ़टैक आया था।

 

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, वह एक जमीन से जुड़े मेहनती नेता थे। वह एक पवित्र व्यक्ति और कांग्रेस परिवार के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने युवा कांग्रेस से संसद सदस्य तक अपना जीवन सार्वजनिक सेवा के लिए समर्पित कर दिया। राहुल ने कहा, मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संतोख सिंह चौधरी का निधन पार्टी और संगठन के लिए एक बड़ा झटका है।

 

इधर,स लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, सांसद हमेशा जनहित के मुद्दों पर मुखर रहते थे।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर लिखा, जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ ह। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।