ऐसे नहीं होगा कांग्रेस मुक्त भारत

61

अंकित सिन्हा

नरेंद्र मोदी ने जब 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, उस वक्त से बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी का एक ही सपना रहा है। गाहे-बगाहे वो कई बार कह चुके हैं और बीजेपी कार्यकर्ताओं के मुंह से भी यही सुना जाता है कि कांग्रेस मुक्त होगा भारत। 2014 के चुनाव के बाद कांग्रेस विरोध की ऐसी लहर उठी कि कांग्रेस ने कई राज्यों से अपना शासन खो दिया। कांग्रेस सिमट कर इक्का दुक्का राज्यों में ही बची थी। लेकिन 2019 के बाद कांग्रेस ने धीरे-धीरे ही सही लेकिन केंद्रीय राजनीति के फलक पर पकड़ और मजबूत की है। कांग्रेस मुक्त का सपना देखने वाली बीजेपी को लगातार पिछले दो सालों में कई झटके लग चुके हैं। कांग्रेस इस वक्त कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में सीधे-सीधे शासन कर रही है वहीं बिहार, तमिलनाडु व झारखंड में गठबंधन के साथ शासन कर रही है। फिलहाल पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए जिसमें दो ऐसे राज्य है छत्तीसगढ़ और राजस्थान जहां पर कांग्रेस शासन में है। इन पांच राज्यों के एग्जिट पोल में मिजोरम को छोड़ दिया जाय तो हर जगह कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर रही है। यहां तक कि तेलंगाना में पहली बार अपने दम पर सरकार बनाती हुई नजर आ रही है।

पांच राज्यों के एग्जिट पोल और उसके आधार पर पोल ऑफ पोल्स में अगर नजर डालें तो राजस्थान-मध्यप्रदेश में भाजपा, छत्तीसगढ़-तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है। मिजोरम में हंग असेंबली के आसार हैं। इस लिहाज से 5 में से 2 राज्यों में भाजपा और 2 में कांग्रेस की सरकार बनती दिख रही है।

राजस्थान:
8 एग्जिट पोल में से 5 में भाजपा की सरकार बन रही है। एक पोल में कांग्रेस की सरकार बन रही है, जबकि दो में उसे सरकार बनाने के करीब बताया गया है। पोल ऑफ पोल्स में भाजपा को 102, कांग्रेस को 86 और अन्य को 11 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
मध्य प्रदेश
बात करें तो 8 एग्जिट पोल में से 4 भाजपा की सत्ता में वापसी करवा रहे हैं, जबकि 3 पोल कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जता रहे हैं, जबकि एक सत्ता के करीब बता रहे हैं। पोल ऑफ पोल्स में भाजपा को 125, कांग्रेस को 100 और अन्य को 5 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
छत्तीसगढ़
सभी 8 पोल कांग्रेस की दोबारा सत्ता में वापसी करवा रहे हैं। इनमें से पांच पोल में भाजपा सत्ता से 4 से 6 सीट दूर दिख रही है। पोल ऑफ पोल्स में भाजपा को 39, कांग्रेस को 48 और अन्य को 3 सीटें मिलने का अनुमान है।
तेलंगाना
जहां से भाजपा दक्षिण भारत में रास्ता ढूंढ रही थी कर्नाटक की सत्ता से हटने के बाद वहां भाजपा को और तगड़ा झटका लगता नजर आ रहा है। 6 पोल्स जारी हुए। इनमें 5 पोल कांग्रेस को पहली बार सत्ता में आने का अनुमान जता रहे हैं, जबकि एक में सत्ता के करीब बताया गया है। सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति किसी भी पोल में सत्ता में आती नहीं दिख रही है। पोल ऑफ पोल्स में बीआरएस को 44, कांग्रेस को 64, भाजपा को 7 और अन्य को 7 सीटें मिलने का अनुमान है।
उत्तर पूर्व के राज्य मिजोरम को देखें तो 5 एग्जिट पोल में से एक में जोरम पीपुल्स मूवमेंट को सरकार बनाते दिखाया गया है। बाकी 4 पोल में हंग असेंबली का अनुमान जताया गया है। पोल ऑफ पोल्स में सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट को 15, जेडपीएम को 16, कांग्रेस को 7 और भाजपा को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
अगर एग्जिट पोल सही साबित होते हैं तो ये बीजेपी को भी मान लेना होगा कि कांग्रेस को देश से हटाना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है।