विवाहेतर संबंध होने के कारण युगल को भीड़ ने पेड़ से बांधकर पीटा

109

दक्षिण 24 परगना : विवाहेतर संबंध होने को लेकर एक महिला और एक युवक को रंगेहाथ पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पिटाई कर दी। दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप के नारायणपुर में बुधवार को हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। कुछ लोगों ने पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। गांव के सत्तर-अस्सी लोगों ने महिला और युवक को घर लिया और पीटा। इस दौरान भीड़ ने दोनों को गालियां दी और ताने सुनाये। इतना ही नहीं दोनों की सार्वजनिक तौर पर मजाक उड़ाया।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक महिला का पति काम के सिलसिले में बाहर रहता है। पत्नी घर पर अकेले रहती है। युवक महिला के गांव में ही रहता है। वहीं दोनों के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध चल रहा था। ग्रामीणों की शिकायत है कि युवक कई महीनों से महिला के पति की गैरमौजूदगी में उसके घर में घुस जाता था। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने युवक को घर के अंदर महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया और दोनों को बंधक बनाकर उनकी पिटाई कर दी। वहीं घटना की सूचना पाकर काकद्वीप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गयी।

प्रताड़ित महिला ने कहा कि कई लोगों ने मुझे मारा है। वे घर में घुसे और ग्रामीणों ने उसे भी मारना शुरू कर दिया। हालांकि इस घटना के बाद से विवाद खड़ा हो गया है। यदि दो बालिगों के बीच संबंध है तो क्या ग्रामीणों को उनके निजी जीवन में हस्तक्षेप करने, सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करने और उन्हें पीटने का अधिकार है?