रांची लाया गया दानिश रिजवान, साले के साथ मिलकर रची थी सुषमा की हत्या की साजिश

102

रांची : बिहार पुलिस की सहायता से आरा से गिरफ्तार किए गए हम पार्टी के प्रवक्ता दानिश रिजवान को रांची ले आया गया है। दानिश रिजवान ही रांची के अरगोड़ा की रहने वाली महिला सुषमा बड़ाइक के ऊपर हुई गोलीबारी का मास्टरमाइंड है।
सुषमा बड़ाइक पर हुई गोलीबारी में शामिल दो शूटर भी रांची पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए हैं। रिजवान को जहां बिहार पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है, वहीं दोनों शूटरों को यूपी एसटीएफ की मदद से गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार शूटरों में फरहान और सोनू शामिल है। फरहान दानिश रिजवान का सगा साला है। मामले में अभी भी चार अपराधी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि सुषमा बड़ाइक को फरहान ने ही गोली मारी थी। दरअसल, दानिश रिजवान के ऊपर सुषमा ने शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद दानिश के ऊपर एफआईआर दर्ज हुआ था।

जानकारी यह भी मिली है कि सुषमा दानिश के ऊपर लगातार डीएनए टेस्ट करवाने का दबाब डाल रही थी इस वजह से वह बेहद परेशान था। सुषमा के द्वारा लगातार प्रेशर बनाए जाने के बाद दानिश ने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली।

दानिश का साला फरहान भी उसकी साजिश में शामिल हो गया, क्योंकि वह यह नहीं चाहता था कि उसकी बहन कि जिंदगी में किसी भी तरह का कोई भी तनाव आए।

सुषमा बड़ाइक की हत्या की प्लानिंग रांची के एक होटल में फरहान ने चार अपराधियों साथ मिलकर की, फरहान ने यह तय किया था कि सुषमा को गोली वही मारेगा। होटल में रहकर सुषमा के आने जाने वाले रास्तों की रेकी की जाने लगी।

रेकी करने के बाद यह तय किया गया कि 13 दिसंबर को अरगोड़ा चौक और सहजानंद चौक के बीच सुषमा की हत्या की जाएगी। तय समय के अनुसार 13 दिसंबर को फरहान, सोनू और एक अन्य अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर सुषमा के घर से निकलते ही उसका पीछा करने लगे और डॉक्टर जितेंद्र सिंह के क्लिनिक के पास उस पर फायरिंग कर दी।

इस हमले में सुषमा को दो गोलियां लगी जिसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस जानलेवा हमले में सही समय पर अस्पताल पहुंच जाने की वजह से सुषमा की जान बच गई। वहीं दूसरी तरफ फरहान सहित चारों अपराधी उसी दिन उत्तर प्रदेश भाग गए।

मिली जानकारी के अनुसार हत्या की साजिश रचने में दानिश रिजवान, फरहान और सोनू के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की कई टीम अभी भी छापेमारी कर रही है। पूरे मामले में सभी तरह के खुलासे शनिवार को रांची पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेगी।

गुरुवार को आरा से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस दानिश रिजवान को रांची लेकर पहुंच चुकी है। रांची लाने के बाद उसे रांची स्थित सिविल कोर्ट में पेश किया गया।

 

यह भी पढ़ें – रांची में बैंक के अंदर हमला, ब्रांच मैनेजर को ग्राहक ने मारा चाकू