सड़क के किनारे युवक का शव बरामद, ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

126

मुर्शिदाबाद : युवक का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप पत्नी व उसके ससुराल वालों पर लगा है। कांदी थाना के महालंदी-तेंतुलिया गांव के पास सड़क के किनारे उसका शव बरामद किया गया। मृतक का नाम अजमत शेख (38) है। युवक बेलडांगा थाना के देवकुंडा गांव के बागान पाड़ा इलाके का रहने वाला था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। वर्तमान में ओडिशा के पुरी में रिक्शा चालक और राजमिस्त्री का काम करता था। ईद के मौके पर वह घर लौटा था। ईद वाले दिन वह अपने घर से यह कह कर निकला कि वह तेंतुलिया गांव अपने ससुराल जा रहा है। इसके बाद पुलिस को यह पता चला कि वह उस दिन तेंतुलिया गांव नहीं आया था। उस दिन वह लालबाग में था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अजमत को रविवार दोपहर तेंतुलिया गांव में घूमता देखा गया था।

इसे भी पढ़ें : Bomb Recovered : ताजा बम बरामद होने से इलाके में दहशत, व्यक्ति गिरफ्तार

गौरतलब है कि सोमवार सुबह तेंतुलिया से महालंदी जाने वाली सड़क के किनारे युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक के सिर पर किसी भारी चीज से वार करने के बाद उसका गला किसी धारदार हथियार से काटा गया है और पेट के दाहिनी ओर चाकू से चोट के निशान है। मृतक का बड़ा भाई सुख चंद शेख ने मृतक की पत्नी रजीना बीबी और उसके ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। सुखचंद ने कहा उसकी भाभी लंबे समय से टीबी की बीमारी से झूझ रही है। वह कई वर्षों से अपने पिता के घर रही है। कई बार वे उसे घर ले जाने गए लेकिन उन्हें मना कर दिया गया और भाई को पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उसने बताया कि भाई अपनी पत्नी को लेने आया था और उस मौके का लाभ उठाकर योजना के तहत उसकी हत्या कर दी गई।

हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने घटनास्थल से चिल्लम बरामद किया है। इसी बीच शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि युवक काफी गांजा का सेवन करता था। उसे कई बार गांजा का सेवन करने के आरोप में बेलडांगा थाना पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने शव को कांदी अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इसे लेकर पुलिस अधीक्षक सुरिंदर सिंह ने कहा कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। जांच शुरू हो गई है। उम्मीद है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।