आर्य समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु

वैदिक नववर्ष और आज के दिन ही सृष्टि की स्थापना हुई थी

89

कोलकाताः वैदिक नववर्ष और आर्य समाज स्थापना दिवस के मौके पर आर्य प्रतिनिधि सभा बंगाल एवं समस्त आर्य समाजों की ओर से बुधवार को एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए शोभायात्रा के सञ्योजक आचार्य योगेश शास्त्री ने बताया कि इस शोभायात्रा में लगभग 250 संस्थाओं ने भाग लिया है।

उन्होंने बताया कि यह शोभायात्रा शंकर घोष लेन (ठंठनिया कालीबाड़ी) से प्रारम्भ होकर विवेकानन्द रोड, गिरीश पार्क, गणेश टाकिज, मालापाड़ा, सत्यनारायण पार्क, महात्मा गांधी रोड, रविन्द्र सरणी, पोद्दार कोर्ट, तिरहट्टी, मेडिकल कॉलेज, विधान सरणी, कॉलेज स्ट्रीट होकर सभा कार्यालय पर पूर्ण हुई।

आचार्य योगेश शास्त्री ने बताया कि वैदिक नववर्ष और आज के दिन ही सृष्टि की स्थापना हुई थी, इसलिए हर वर्ष के भांति इस वर्ष भी इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

इसके अलावा महर्षि दयानन्द सरस्वती की 200 वीं जयन्ती भी है जिन्होंने 148 वर्ष पूर्व आज ही के दिन आर्य समाज रूपी संस्था की स्थापना की। इस शोभायात्रा में शामिल छोटे-छोटे बच्चे को देखकर लोग काफी मोहित हो गये, इसमें सामाजिक चेतना हेतु – जीवन निर्माता सोलह संस्कार, पञ्च महायज्ञ, वैदिक चेतना हेतु कन्या  गुरुकुल लालुआ गेडिया की कन्याओं द्वारा सस्वर वेदपाठ द्वारा आत्मोन्नति का आधार वेद एवं वेद की ऋचाओं का पाठ करते हुए पर्यावरण का मित्र यज्ञ- की साक्षात झांकियां प्रस्तुत की गई तथा वैदिक गुरुकुलम बिड़ा, आर्ष गुरुकुल कोलाघाट, वैदिक गुरुकुल काशीपुर , वेदरक्षक गुरुकुल गौकरुणा निधि आश्रम दरबार मेला के विद्यार्थियों द्वारा योग जीवन का आधार है इस विषय पर सुन्दर प्रस्तुति दी गयी ।

इस शोभायात्रा में राष्ट्रभक्ति की भी एक झांकी प्रस्तुत की गई जिसका शीर्षक था राष्ट्र का आधार नौजवान- जिसमें देश पर बलिदान होने वाले बलिदानीयों का श्रद्धा सहित स्मरण किया गया,  ब्रह्मदान आश्रम बिनाई की महिलाओं ने इस झांकी में काफी अच्छा नृत्य प्रस्तुत किया।

महिलाऐं अपने सर पर कलश लेकर नृत्य कर रही थीं।  प्रातःकाल आचार्य राहुल शास्त्री द्वारा यज्ञायोजन  कर नववर्ष का स्वागत किया गया तथा पंडित अपूर्व देव शर्मा के सुमधुर भजनों का लाभ मिला।

इस भव्य शोभायात्रा का हरियाणा भवन, आर्य समाज बड़ाबाजार , राम शरद कोठारी समिति आदि संस्थाओं को शिवकुमार जायसवाल, नन्दकिशोर पंसारी आदि द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य रूप में स्वागत किया गया।

इस मौके पर विशेष रूप से  दीनदयाल गुप्ता , अश्विनी अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, आनन्ददेव आर्य,  उदय सरकार, विक्रम संवत नववर्ष महोत्सव समिति के सञ्योजक नारायण प्रसाद चौधुरी, घनश्याम प्रसाद सोभासरिया  सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।