कोलकाता में डर्टी फिल्म रैकेट का भंडाफोड़

गेस्ट हाउस मैनेजर गिरफ्तार

93

कोलकाताः विधाननगर की पुलिस ने डर्टी फिल्म रैकेट चलाने के आरोप में गेस्ट हाउस मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सॉल्टलेक के एएल ब्लॉक में एक गेस्ट हाउस के मैनेजर को विधाननगर पुलिस ने कथित तौर पर वहां से डर्टी फिल्म रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आरोपी का नाम नारायण दास है। उसको शुक्रवार को एक महिला की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। महिला ने दावा किया था कि दास और अन्य ने उसे एक वीडियो शूट करने के लिए मजबूर किया था। पुलिस के अधिकारियों ने बताय़ा कि राज्य में निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों की बड़ी संख्या में युवतियां कमाई के रास्ते की तलाश में डर्टी फिल्म रैकेट के जाल में फंस रही हैं।

कोलकाता शहर के आंकड़ों से ही इस बात का पता चलता है। कुछ दिन पहले सॉल्टलेक से ही नंदिता दत्ता की गिरफ्तारी हुई थी। अब फिर एक गेस्ट हाउस मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ लोग इस रास्ते को कम समय में ज्यादा कमाने का जरिया मानते हैं तो कई झूठ के जाल में फंसकर इस दुनिया में पहुंच जाते हैं।

सोशल मीडिया का उपयोग मुख्य रूप से धोखाधड़ी का जाल फैलाने के लिए किया जाता है। जाने-माने फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स, मेकअप आर्टिस्ट्स के साथ फोटोशूट करने और वेब सीरीज के लिए ऑडिशन देने की पेशकश करते हैं। उसके बाद धीरे-धीरे इन्हें ‘बोल्ड कंटेंट’ के नाम से इस्तेमाल किया जाने लगा।

पुलिस जांच में पाया गया कि ये डर्टी फिल्म शूट सॉल्टलेक, न्यूटाउन, बागुईहाटी के कई गेस्टहाउस में चल रहे हैं।