पलामू पुलिस लाइन में शराब के नशे में जवान ने की फायरिंग

बाल- बाल बचा एक जवान

85

पलामू : पलामू पुलिस लाइन में शुक्रवार को फायरिंग हो गई। गोली एक जवान को छूते हुए निकल गई और पास के पेड़ में लगी। गोली चलाने वाला जवान शराब के नशे में बताया गया है।

सूचना के तुरंत बाद शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया। एमआरएमसीएच में उसकी मेडिकल जांच करायी गई है।
जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो जवानों के विवाद के बाद गोली चली है। जवान को निलंबित किया जाएगा। विभागीय कार्रवाई होगी।

हालांकि विवाद के कारण के बारे में उन्होंने स्पष्ट नहीं किया। गोली चलाने वाले जवान की पहचान शशि रंजन और जिस पर गोली चली उसकी पहचान विरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब 9.30 बजे दो जवान पुलिस लाइन की सुरक्षा डयूटी में तैनात थे। चर्चा है कि एक जवान नशे में था। दूसरे जवान से विवाद कर रहा था। इसी बीच उसने दूसरे जवान को टारगेट कर कई बार बंदूक तान दी।

बार बार गोली मार देने की बात कह रहा था। इसी बीच गोली चल गई। दूसरे जवान ने गोली चलते ही बंदूक की दिशा ऊपर की ओर मोड़ दी, जिससे गोली ऊपर पेड़ में जा लगी।

गोली चलने की आवाज सुनकर पुलिस लाइन के पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। बाद में सूचना पर टाउन थाना की पुलिस भी पहुंच गई। गोली चलाने वाले जवान को पकड़ कर शहर थाना लाया गया। यहां उसे रखा गया। बाद में उसे मेडिकल जांच के लिए एमआरएमसीएच में भेजा गया।

सूचना मिलने पर दोपहर के समय सहायक पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ ऋषभ गर्ग शहर थाना पहुंचे। उन्होंने शहर थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा और सार्जेंट मेजर अनिश मोमित कुजूर से पूरे मामले की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जवान पर निश्चित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विवाद को समझने की कोशिश की जा रही है, ताकि आगे किसी तरह की बड़ी घटना ना हो।

 

यह भी पढ़ें – चर्च कॉम्प्लेक्स में फिर हादसा, शॉर्ट सर्किट से लगी आग