बंगाल में शिक्षा बन गई है अशिक्षा,2019 से भी ज्यादा BJP की हवा

- बंगाल में शिक्षा बन गई है अशिक्षा -भूतनाथ शिव मंदिर में पूजा करने के बाद तृणमूल पर हमलावर हुए केंद्रीय मंत्री

119

कोलकाताः शिवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कोलकाता स्थित भूतनाथ शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। पूजा करने के बाद उन्होंने एक बार फिर शिक्षा में भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार को जमकर लाताड़ा।

यह भी पढ़े : शुक्रवार-शनिवार को कई ट्रेनें रद्द,वीकेंड पर यात्रियों को फिर होगी परेशानी

यही नहीं भर्ती भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का सबसे बड़ा अपराध यह है कि उसने सरस्वती की पावन भूमि में शिक्षा के क्षेत्र में भ्रष्टाचार किया है। इसके अलावा शिक्षकों की भर्ती में भ्रष्टाचार और मिड-डे मील में भ्रष्टाचार किया है। बंगाल की जनता इस सरकार को कभी माफ नहीं करेगी। तेजी से जांच चल रही है। सब कुछ सामने आ जायेगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि साल 2019 से भी ज्यादा साल 2024 के लिए भाजपा तैयारी है। यही नहीं 2019 की तुलना में पश्चिम बंगाल में 2024 के लिए अधिक उत्साह देखा जा रहा है, इसलिए हम भी पहले से अधिक बंगाल आ रहे हैं। राज्य सरकार के भ्रष्टाचार के कारण, बंगाल के लोग मुख्य विकल्प के रूप में भाजपा के साथ रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के दिन प्राचीन शिव मंदिर भूतनाथ मंदिर जाने का सौभाग्य महसूस कर रहा हूं। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल और देश के लोगों को शिवरात्रि की शुभकामनाए भी दीं।

गौरतलब है कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आते जा रहा है, वैसे-वैसे बंगाल में केंद्रीय मंत्रियों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ममता सरकार पैसे-पैसे चिल्ला रही है। केंद्र जान रहा है कि तृणमूल हिसाब नहीं देती, इसलिए पैसा नहीं भेज रहा है। मोदी जी ने कई परियोजनाओं और धन आवंटित किया है। मोदी जी बुआ और भतीजे का जेब भरने के लिए पैसे देंगे? गौरतलब है कि प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों लगातार केंद्र पर रुपये नहीं भेजने का आरोप लगा रही है। सीएम ममता का कहना है कि फंड के अभाव में कई परियोजनाओं को पूरा करने में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं पूजा करने के बाद धर्मेंद्र प्रधान उत्तर कोलकाता में मानिकतला में मृत भाजपा कार्यकर्ता के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि रंजन चक्रवर्ती एक मेहनती कार्यकर्ता थे, जिन्होंने भाजपा पश्चिम बंगाल को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया। रंजन चक्रवर्ती का निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है।