झारखंड में इतने दिनों तक रहेगा चक्रवात का असर, आज भी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट

55

रांची : झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में बीते 24 घंटे में गरज साथ बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा 113 मिमी साहिबगंज में हुई. वहीं, सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री डाल्टनगंज व सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री देवघर में दर्ज किया गया. गुरुवार के मौसम की बात करें तो आज भी अधिकांश जिलों में बारिश होने का अनुमान है.रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक डिप्रेशन देखा जा रहा, जिसका असर दो दिनों से झारखंड पर बना हुआ है. आने वाले चार दिनों तक इसका असर रहेगा. पूरे राज्य में बारिश और वज्रपात की स्थिति देखी जाएगी. हालांकि, अधिकतम तापमान में आने वाले 4 दिनों में कोई बदलाव नहीं आएगा.

ये भी पढ़ें : छठे चरण के चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन, आठ राज्यों के 58 निर्वाचन-क्षेत्रों में 25 मई को होगा मतदान

आज के मौसम की बात की जाए तो कल की तरह गुरुवार को भी राज्य के कुछ जिले जैसे गढ़वा, पलामू, चतरा व लोहरदगा को छोड़कर अन्य सारे जिलों में बारिश होने का अनुमान है. वहीं, इन जिलों में वज्रपात को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तेज हवा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है, इसलिए इस दौरान लोग थोड़ा संभल कर रहें. सड़क पर गाड़ी चलाने से परहेज करें.आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद ,गिरिडीह , गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम 37 व न्यूनतम 27 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 42 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 39 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला अधिकतम 40 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया जा सकता है.