मशहूर अभिनेता जूनियर महमूद का निधन

113

मुंबई : कैंसर से पीड़ित मशहूर अभिनेता जूनियर महमूद का निधन हो गया। 67 वर्षीय अभिनेता ने अपने घर पर ही कल देर रात लगभग दो बजे अंतिम सांस ली। महमूद के निधन की पुष्टि उनके फैमिली फ्रेंड सलाम काजी ने की। दरअसल, मशहूर अभिनेता जूनियर महमूद कैंसर से पीड़ित थे और काफी समय से बीमार थे। जूनियर महमूद के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार जुहू स्थित कब्रिस्तान में किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे, एक बहू और एक पोता है। नईम सैयद को जूनियर महमूद के नाम से जाना जाता था। उन्हें ”जूनियर महमूद” नाम महमूद अली ने दिया था। जूनियर महमूद पिछले दो महीने से बीमार थे। जब उनका वजन कम होने लगा तो उनका परीक्षण किया गया। उस समय उन्हें कैंसर का पता चला था।

ये भी पढ़ें : सरकार ने प्याज के निर्यात पर अगले साल मार्च तक लगाया प्रतिबंध

जूनियर महमूद ने 7 अलग-अलग भाषाओं में लगभग 265 फिल्मों में अभिनय किया और 6 मराठी फिल्मों का निर्माण और निर्देशन भी किया। जूनियर महमूद ने अभिनेता सचिन पिलगांवकर और जितेंद्र के साथ कई फिल्मों में काम किया। सचिन और जूनियर महमूद बचपन के दोस्त थे। कुछ दिन पहले उन्होंने सचिन और जितेन्द्र से मिलने की इच्छा जताई थी। इसके बाद सचिन पिलगांवकर और जितेन्द्र ने उनसे मुलाकात की। जूनियर महमूद और सचिन पिलगांवकर ने अपने करियर की शुरुआत बाल कलाकार के रूप में की थी। दोनों ने ”बचपन”, ”गीत गाता चल” और ”ब्रह्मचारी” जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। जूनियर महमूद ने जीतेंद्र के साथ ”सुहाग रात”, ”कारवां”, ”सदा सुहागन” समेत कई अन्य फिल्मों में काम किया। नैनिहाल उनकी पहली फिल्म थी। उन्होंने परिवार, ब्रह्मचारी, फरिश्ता, प्यार ही प्यार, कट्टी पतंग, आन मिलो सजना, कर्ज चुकाना है.. और कई अन्य फिल्मों में अभिनय किया है।