हावड़ा के प्लास्टिक गोदाम में लगी आग

काले धुएं से घिरे होने के कारण वे घबराकर बाहर आ गए

56

 

हावड़ा, सूत्रकार : जिले के प्लास्टिक गोदाम में एक और भीषण आगलगी की घटना घटी। फोरशोर रोड स्थित जूटमिल में आग से क्षतिग्रस्त होने की खबर से सोमवार को अफरा-तफरी मच गयी। वहीं, मंगलवार को घुसुड़ी इलाके में एक प्लास्टिक गोदाम में आग लग गयी। घने इलाके में आग लगने से स्थानीय निवासी डरे हुए थे। काले धुएं से घिरे होने के कारण वे घबराकर बाहर आ गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। आग पर नियंत्रण पाने में दमकलकर्मियों को काफी पेरशानियों का सामना करना पड़ा। इस आगलगी की घटना में बड़े नुकसान की आशंका है।

सुबह साढ़े आठ बजे के बाद आग लग गई। प्लास्टिक का गोदाम होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आसपास का क्षेत्र घने काले धुएं से ढक गया। स्थानीय लोग घबरा गये और बाहर निकल आये। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकलकर्मियों का शुरुआती अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। मालूम हो कि इस वक्त गोदाम बंद था। कोई स्टाफ नहीं था। इस कारण जनहानि होने से बच गई।

मालीपंचाघड़ा में जिस मकान में यह गोदाम है, वह मूल रूप से ब्रिटिश काल का है। तीन मंजिली मकान की दूसरी मंजिल पर राधेश्याम कॉटन मिल नामक कपड़ा फैक्ट्री हुआ करती थी। उसके बाद वहां प्लास्टिक फैक्ट्री बनाई गई। अब यह एक गोदाम है। वहां रखे प्लास्टिक में आग लगने से भयावह स्थिति हो गयी। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसका तुरंत पता नहीं चल पाया है।

हावड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कई कारखाने और गोदाम बार-बार ऐसी आग की चपेट में आए हैं। पिछले एक महीने में लगातार आग लगने की घटनाओं से कई सवाल उठ रहे हैं। ये महज़ एक हादसा है या इसके पीछे कोई साजिश है, इस पर संशय बरकरार है। इसके अलावा मोहल्लेवासियों का मानना ​​है कि फैक्ट्रियों की अग्निशमन व्यवस्था पर भी ध्यान देने की जरूरत है।