अप दुरंतो एक्सप्रेस में आग और धुआं से यात्रियों में आतंक

दुर्गापुर के राजबांध के बास हावड़ा नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस में यह घटना हुई

56

कोलकाता, सूत्रकार : आसनसोल रेल मंडल के तहत पानागढ़ और दुर्गापुर के रेलवे स्टेशन के मध्य कांकसा थाना इलाके के राजबांध रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह हावड़ा- नई दिल्ली अप दूरंतो एक्सप्रेस ट्रेन के एक बोगी के पहिए से धुंआ निकलने से हड़कंप मच गया। इस घटना से ट्रेन के यात्री घबरा गये। घटना की सूचना के बाद तत्काल ट्रेन को रोक दिया गया तथा रेल के अधिकारियों की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के कर्मचारी तथा अधिकारी वहां पहुंचे। इसके बाद मरम्मत कार्य आरंभ किया गया। मरम्मत कार्य के होने के करीब आधे घंटे के बाद ट्रेन फिर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।

यात्रियों ने बताया की ट्रेन की एक बोगी के पहिए से आग और धुआं निकलते देखा गया। अचानक हुई घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर के पहले कांकसा के राजबांध रेलवे स्टेशन के पास रुक गई।

यात्रियों ने बताया कि अचानक उन्होंने पहिए से आग और धुआं निकलते देखा। वे लोग घबरा गए और ट्रेन के रुकने के बाद नीचे उतर गए। सूचना के बाद रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर आये। आधे घंटे के बाद स्थिति सामान्य हुई। यह ट्रेन आसनसोल में सुबह 11: 29 बजे पहुंची। ट्रेन के पहुंचने का टाइम सुबह 10 : 54 था।

रेलवे सूत्रों के अनुसार ब्रेक शू के घिसने के कारण ही उक्त स्थिति उत्पन्न हुई थी। घटना की सूचना के बाद दुर्गापुर स्टेशन से आरपीएफ के अधिकारी व जवान भी मौके पर पहुंच गए थे। दुर्गापुर आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक प्रवीण कुमार गुप्ता ने बताया कि अप दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी के ब्रेक शू में घर्षण के कारण धुआं और आंशिक आग निकली थी।