इस राज्य की पहली महिला विधायक बनी मंत्री

पीएम मोदी दिखे खुश

232

कोहिमा : नगालैंड देश के सबसे शिक्षित राज्यों में से एक, लेकिन राज्य के निर्माण के बाद से ही 2023 से पहले आज तक एक भी महिला विधायक नहीं बन पाई थी। इसे राज्य की विडंबना ही कही जा सकती है की जीस राज्य की महिला आबादी 49 फीसदी से ज्यादा हो वहां से 2023 से पहले एक भी महिला विधायक नहीं चुनी गई थी। लेकिन 2023 का चुनाव कई मायने में एतिहासिक रहा। इस चुनाव में चार महिलाओं को टिकट मिला तो वही दो महिला चुनाव जीत कर विधानसभा भी पहुंची। आज इसी क्रम में नगालैंड विधानसभा के लिए निर्वाचित पहली महिला विधायक सलहौतुओनुओ क्रूस ने मंगलवार (7 मार्च) को मंत्री पद की शपथ ली।

नगालैंड में एनडीपीपी के नेफ्यू रियो की अगुवाई में बनी सर्वदलीय सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शिलांग में शपथ ग्रहण की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी समारोह में मौजूद रहे।


मंत्री पद की शपथ के बाद सलहौतुओनुओ क्रूस पीएम मोदी से हाथ मिलाने पहुंची तो पीएम मोदी काफी खुश दिखाई दिए। दोनों ने काफी गर्म जोशी के साथ हाथ मिलाया और पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। नगालैंड विधानसभा में पहली बार दो महिला (सलहौतुओनुओ क्रूस और हेकानी जखालू) जीतकर पहुंची हैं। पश्चिमी अंगामी सीट से नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) की उम्मीदवार सलहौतुओनुओ क्रूस ने निर्दलीय उम्मीदवार को सात वोट से हराया है।

आपको बताते चलें कि नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के नेता नेफ्यू रियो ने पांचवीं बार नगालैंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल ला गणेशन ने 72 वर्षीय नेता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी इस मौके पर मौजूद थे।

टी आर जेलियांग और वाई पैटन को राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कराई गई। रियो के मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली। अपने मजाकिया अंदाज के लिए देश भर में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय, भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख तेमजेन इम्ना अलॉन्ग ने भी मंत्री पद की शपथ ली।