भाजपा के पूर्व विधायक ने थामा झामुमो का दामन

झारखंड में आज कई षड्यंत्रकारी लोग पनडुब्‍बी से बाहर निकलने वाले हैंः सीएम

84

रांची : झारखंड में चल रही सियासी घमासान के बीच गांडेय से भाजपा के पूर्व विधायक जयप्रकाश वर्मा सहित कई राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झामुमो का दामन थाम लिया।

भाजपा से नाराज चल रहे गांडेय के पूर्व विधायक जयप्रकाश वर्मा अपने समर्थकों के साथ सीएम आवास पहुंचे। सीएम आवास में उनको पार्टी की सदस्‍यता दिलाई गई।

गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के नेतृत्व में गिरिडीह जिला के कई झामुमो कार्यकर्ता और जयप्रकाश वर्मा के समर्थक पहले ही मोरहाबादी मैदान पहुंच गए थे। आज झामुमो का दामन थामने वालों में जमुआ से चुनाव लड़ चुके प्रदीप हाजरा, बगोदर से शत्रुघ्‍न मंडल सहित कई अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेता शामिल हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड में आज कई षड्यंत्रकारी लोग पनडुब्‍बी से बाहर निकलने वाले हैं। हम उन्हें खत्म करने की तैयारी कर रहे हैं। बस आप लोगों का साथ मिलता रहेगा, तो हम इन सभी को पूरी तरह से खत्म कर देंगे। उन्हें पता है कि हेमंत सोरेन 5 साल का कार्यकाल पूरा कर लेते हैं, तो वह सभी को राज्य से बाहर धकेल देंगे।
झामुमो की सदस्यता लेने के बाद जयप्रकाश वर्मा ने कहा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड की शान हैं। उन्होंने कहा कि आज हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का विकास हो रहा है।

15 साल से अधिक समय तक सत्ता का सुख भोग चुकी भाजपा ने पहले राज्य को नुकसान किया, वहीं आज हेमंत सोरेन को ईडी के माध्य म से परेशान करने पर तुले हैं। लेकिन हम उनकी साजिश को कभी भी पूरा होने नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि झारखंड के अनुसूचित जाति, जनजाति, दलित, अल्पसंख्यक सभी लोगों को एकजुट होना होगा।

भाजपा का नाम लिए बिना हेमंत सोरेन ने कहा कि जिन लोगों ने 20 साल सत्ता का सुख भोगा, उसने राज्य निर्माण के बाद झारखंड को और पीछे ढकेल दिया।20 साल का कार्यकाल काफी दर्दनाक रहा है। हमारी सरकार किसान युवा, दलित के लिए काम कर रही है।