पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, तबीयत बिगड़ने पर मिली अंतरिम जमानत

75

दिल्ली : दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को सुप्रीम कोर्ट की ओर से अंतरिम जमानत मिल गई है। बताया जा रहा है कि कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को केवल 6 हफ्तों के लिए जमानत दी है। सत्येंद्र जैन के वकील ने उनकी खराब तबीयत के बारे में कोर्ट को बताया था। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सत्येद्रं जैन दिल्ली-एनसीआर से बाहर नहीं जा सकेंगे। उनकी अगली सुनवाई 11 जुलाई को होगी। उल्लेखनीय है कि सत्येंद्र जैन को शुक्रवार को तबीयत खराब होने पर दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा था। इसके बाद उन्हें एलएनजेपी हॉस्पिटल में बेहतर इलाज के लिए स्थानांत्रित कर दिया गया था। गौरतलब है कि ईडी ने सत्येंद्र जैन को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी 30 मई 2022 को हुई थी।

इसे भी पढ़ें : डॉन अबु सलेम के फरार भतीजे को यूपी पुलिस ने मुंबई से किया गिरफ्तार

वहीं सत्येंद्र के वकील का कहना है कि वह काफी समय से बीमार चल रहे हैं। उन्हें डिप्रेशन सहित कई बीमारियां हैं। इसी वजह से वह काफी कमजोर हो गये हैं। इसी बीच जेल से खबर आई थी कि सत्येंद्र जैन बाथरूम में अचानक ही गिर गए थे जिस वजह से उनके रीढ़ की हड्डियों में कई गंभीर चोटें आई थी जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। गौरतलब है कि इससे पहले सत्येंद्र जैन ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को एक पत्र लिखा था जिसमें उन्होंने गुजारिश की थी कि उनके सेल में दो-तीन कैदियों को आने दिया जाए। सत्येंद्र जैन ने अपने पत्र में लिखा था कि वह काफी अकेला महसूस कर रहे हैं। उनकी इस गुजारिश पर जेल अधिकारियों ने उनके सेल में दो-तीन कैदियों को भेजा भी था लेकिन जैसे ही इस बात की जानकारी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को लगी। तत्काल उन कैदियों को सेल से वापस बुला लिया गया।

खबर की अपडेट आने तक बने रहिये सूत्रकार समाचार के साथ