पुण्यतिथि पर याद किए गए भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी

110

चाईबासा : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेसियों ने भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। पूर्व प्रधानमंत्री को कांग्रेसियों ने एक दूरदर्शी प्रधानमंत्री बताते हुए एक स्वर में कहा कि राजीव गांधी ने ही भारत को आधुनिकता की दौड़ में शामिल करने का काम किया। संचार क्रांति उन्हीं की देन है। कांग्रेसियों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भारत में सूचना क्रांति के जनक माने जाते हैं। देश के कंप्यूटराईजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का श्रेय भी राजीव गांधी को ही जाता है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण और मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार दिलवाने का कार्य भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में ही किया था। उन्होंने पंचायत राज व्यवस्था लागू करके पंचायतों को मजबूत करने का काम किया। राजीव गांधी लोगों के दिलों में आज भी जिंदा है और हमेशा रहेंगे। राजीव गांधी का बलिदान राष्ट्र के लोगों के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगा। मौके पर कांग्रेस के चंद्रशेखर दास , त्रिशानु राय , जितेन्द्र नाथ ओझा, शंकर बिरुली, जगदीश सुंडी, इम्तियाज खान , दिकु सवैयां, मुकेश कुमार , सिकुर गोप , सिद्धेश्वर कालुण्डिया , बुल्लू दास, विक्रमादित्य सुंडी, राजेश दास , सुशील कुमार दास आदि उपस्थित थे।

 

ये भी पढ़ें : अनोखे अंदाज में भाजपा सांसद ने बिजली पानी समस्या पर जताया रोष