तटवर्ती इलाकों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश के आसार

धीरे-धीरे अपनी ताकत बढ़ा रहा है मोचा, बंगाल पर नहीं पड़ेगा इसका सीधा असर

68

 कोलकाता: चक्रवाती तूफान मोचा धीरे-धीरे अपनी ताकत बढ़ा रहा है। बंगाल पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना नहीं है। अलीपुर मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले 24 घंटे में बंगाल के तटीय इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। हल्की हवा चलेगी। सोमवार से फिर लू के आसार जताये हैं।

इस बीच मोचा चक्रवात के मद्देनजर तटवर्ती इलाके में एनडीआरएफ की टीम तैनात कर दी गयी है। अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात मोचा की ताकत बढ़ गई है और यह बेहद शक्तिशाली चक्रवात बन गया है। उत्तर और ईशान कोण में उत्तरोत्तर गतिमान है। चक्रवात रविवार दोपहर म्यांमार के सितवे बंदरगाह के पास लैंडफॉल करने की संभवाना जतायी जा रही है। बांग्लादेश के कॉक्स बाजार महेशखली टेकनाफ सेंट मार्टिन द्वीप क्षेत्र में भारी नुकसान की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मेदिनीपुर और नदिया में गरज के साथ बारिश की संभावना है। उस दिन तक मछुआरों के समुद्र में जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम में लू चलने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया और मुर्शिदाबाद में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उसी तरह मंगलव को उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया और मुर्शिदाबाद में गरज के साथ बारिश हो सकती है। उसी दिन, मौसम कार्यालय ने पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में लू की चेतावनी जारी की।

सुंदरवन इलाके में किया मॉक ड्रिल

सुंदरवन के नदी किनारे तटीय थाने की ओर से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। मछुआरों और पर्यटकों को भी जागरूक किया जा रहा है। नदी में मछली पकड़ने गए सभी मछुआरों को जल्द लौटने की सलाह दी गई है। साथ ही मछली पकड़ने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही नदी किनारे के गांवों में माइकिंग की जा रही है।