राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना

50 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती है हवा

134

कोलकाता : राज्यवासियों के लिए एक खुशखबरी है। जल्द ही प्रचंड गर्मी से उन लोगों को राहत मिलने वाली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार मध्य उत्तर प्रदेश में चक्रवात और बंगाल की खाड़ी में जलवाष्प का प्रवेश होने के कारण जल्द ही कोलकाता सहित राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही उम्मीद की जा रही है कि 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी। कहीं-कहीं हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा हो सकती है। उसके बाद कोलकाता को प्रचंड गर्मी से राहत मिल जाएगी।

अलीपुर मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता में बादल छाए हुए थे। गौरतलब है कि अलीपुर मौसम विभाग ने गुरुवार को ही कहा था कि शुक्रवार से मौसम में बदलाव होगा।

हालांकि कोलकाता में रविवार और सोमवार को बारिश हो सकती है। कोलकाता के साथ-साथ दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद में भी गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल बीते कुछ दिनों से प्रचंड गर्मी की मार झेल रहा है।

विभिन्न जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। इस असहनीय गर्मी से निजात पाने के लिए सभी को बारिश का इंतजार है। अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री की कमी आ सकती है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि शुक्रवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, दिनाजपुर, मालदह में बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।