रिया के साथ मारपीट करता था पति प्रकाशः पुलिस

प्रकाश को 12 दिनों की पुलिस हिरासत

88

कोलकाताः झारखंड की अभिनेत्री रिया कुमारी उर्फ ईशा आलिया की हत्या के मामले में पुलिस ने रिया के पति प्रकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मृतका के पति प्रकाश ने दावा किया कि वह बेकसुर है। उसने रिया की हत्या नहीं की।

दूसरी ओर, पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि प्रकाश अपनी दूसरी पत्नी रिया से अक्सर मारपीट किया करता था। उसने रिया को कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी।

रिया हत्या मामले में गुरुवार को गिरफ्तार प्रकाश कुमार को उलूबेड़िया महकमा अदालत में पेश किया। जहां से न्यायाधीश ने अभियुक्त को 12 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दे दिया।

गुरुवार की दोपहर बागनान थाने से उलूबेड़िया महकमा अदालत में पेश किया गया। इस दौरान पत्रकारों के सामने प्रकाश ने दावा किया कि वह निर्दोष है। उसने अपनी पत्नी रिया की हत्या नहीं की। वह अपने परिवार के साथ 500 किलोमीटर दूर से आ रहा था।

लेकिन वह क्यों अपनी पत्नी की हत्या करेगा। अगर मारना ही था तो इतनी दूर क्यों लेकर आता, कहीं और ले जाकर मार सकता था। उन पर बदमाशों ने हमला किया था। हमलेवारों ने रिया की हत्या कर दी।

इधर, रिया के भाई ने प्रकाश, उसके दो भाइयों और प्रकाश की पहली पत्नी के खिलाफ बागनान थाने में शिकायत दर्ज करायी है। इस शिकायत पर प्रकाश का कहना है कि वह किसी को दोष देना नहीं चाहता है। रिया के भाई की जगह पर वह भी होता तो यही कहता।

प्रकाश ने यह भी दावा किया कि बुधवार की घटना पुलिस वैन के सामने हुई थी। उन पर हमले करने वाले लोग सदेफ रंग की गाड़ी से आये थे। जबकि पुलिस वैन 100 मीटर की दूरी पर खड़ी थी। हमले की घटना के बाद ही उसने पुलिस से मदद की गुहार भी लगायी थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रकाश की पहली पत्नी का नाम श्रद्धा है। रिया के भाई ने श्रद्धा के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करायी है। इस पर प्रकाश ने दावा किया कि उसका श्रद्धा के साथ कोई संपर्क नहीं है। लेकिन दो-छह महीने के बाद वह श्रद्धा को 500 से 2000 रुपये दिया करता है, क्योंकि उनके दो बच्चे हैं।

इसे भी पढ़ेः 88 और नौकरी गंवानेवाले लोगों ने हाईकोर्ट में जमा किया हलफनामा

इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लंबी पूछताछ के दौरान दिए गए बयानों में विसंगतियों की वजह से पुलिस ने मृतका के पति प्रकाश को गिरफ्तार किया। रिया हत्या मामले में पुलिस घटना की जांच मं जुटी हुई है। साथ ही पुलिस प्रकाश से लगातार पूछताछ कर रही है।

वहीं, प्रकाश की गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को तकिए, गद्दे और चादर भी मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने गुरुवार को बागनान के राजापुर इलाके के महिषरेखा ब्रिज का दौरा किया। जहां बुधवार को हत्या की घटना हुई थी।

दूसरी ओर, गुरुवार को उलूबेड़िया में रिया के शव का पोस्टमार्टम किया गया। उसका विसेरा जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रिया के परिजनों की ओर से प्रकाश के खिलाफ शिकायत की है, जिसमें कहा गया है कि प्रकाश पहले भी रिया को मारने की धमकी देता था। रिया प्रकाश की दूसरी पत्नी थी।

आरोप है कि प्रकाश ने पहले भी कई बार रिया को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला कि प्रकाश रिया के साथ मारपीट करता था।

पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है कि क्या बुधवार को लुटपाट की घटना के दौरान गोली लगने से रिया की मौत हुई है या फिर हत्या पूर्व नियोजित थी।